स्वास्थ्य मंत्री से नहीं बनी बात, आज से जूडो हड़ताल पर, स्टायपंड व ट्रामा सेंटर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग Watch Video
डॉ. भीमराव आंबेडकर मेमोरियल हॉस्पिटल के जूनियर डॉक्टर (जूडो) आज बुधवार से हड़ताल पर चले गए हैं। जूडो ट्रामा सेंटर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और स्टायपंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।;
रायपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर मेमोरियल हॉस्पिटल के जूनियर डॉक्टर (जूडो) आज बुधवार से हड़ताल पर चले गए हैं। जूडो ट्रामा सेंटर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और स्टायपंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। जूनियर डॉक्टर के हड़ताल पर जाने से प्रदेश के सबसे बड़े हॉस्पिटल की सेवा बाधित रहेगी। 300 जूनियर डॉक्टरों की सेवाएं बाधित होने से 948 भर्ती मरीज प्रभावित होंगे। इस संबंध में जूडो ने डीन को पत्र भी लिखकर 48 घंटे का अल्टिमेटम दिया है। अगर 48 घंटे में उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो जरूरी सुविधाएं OPD, OT और इमर्जेन्सी सुविधाओं को बंद कर देंगे।
बता दें इससे पहले मंगलवा रात को जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से चर्चा की थी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। मंत्री सिंहदेव ने जूडो को उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया, लेकिन जूडो लिखित देने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से कहा जब तक वे लिखकर नहीं देंगे कि उनकी मांग पूरी कर दी जाएगी, तभी वे हड़ताल से पीछे हटेंगे। मंत्री ने लिखकर नहीं दिया। उन्होंने कहा, वेतन बढ़ोतरी प्रक्रिया में है, बाकी लोकतंत्र है, आप आजाद हैं। मंत्री की ओर से ठोस आश्वासन न मिलने पर जूडो ने बुधवार से हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी।
जूडो की हड़ताल से मरीजों के इलाज प्रभावित होने की आशंका है। जूडो ने हालांकि अपनी हड़ताल चरणबद्ध तरीके से करने की घोषणा की है। उनका कहना है बुधवार व गुरुवार को वे ओपीडी में मरीजों का इलाज नहीं करेंगे, लेकिन इमरजेंसी सेवा देते रहेंगे। उसके बाद भी मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं गया तो वे शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
जूडो का आरोप है कि वे कई बार स्वास्थ्य सचिव निहारिका बारीक से मिलने की कोशिश कर चुके हैं। उन्होंने मुलाकात का समय ही नहीं दिया। उनके स्टाफ ने कहा कि वे व्यस्त हैं। इससे जूडो खासे नाराज हैं। उनका कहना है कि मध्यप्रदेश समेत दूसरे राज्यों में जूनियर डाक्टरों का स्टायपंड बढ़ाया जा चुका है। यहां सरकार इस संबंध में कोई फैसला नहीं ले रही है। इसके अलावा जूडो सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि ट्रामा सेंटर में आए दिन जूडो के साथ मारपीट हो रही है, लेकिन प्रबंधन कोई खास इंतजाम नहीं कर पा रहा है।
यह हैं मांगें
- सातवां वेतनमान दिया जाए।
- डॉक्टरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
- स्वास्थ्य का बजट बढ़ाया जाए।
- सीसीयू समेत ट्रामा में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड हों।
- वार्ड में सुरक्षा गार्ड व पुलिस के जवान हर दो घंटे में निरीक्षण करें।
- सभी विभागों में स्टाफ की कमी दूर की जाए।
- सभी वार्डों में सीसीटीवी लगाएं, ताकि किसी भी घटना के बाद आरोपी पकड़े जाएं।
- अस्पताल चौकी में पुलिस जवानों की संख्या बढ़ाएं।
- अस्पताल के सभी स्थानों पर इमरजेंसी हेल्प लाइन नंबर दें।
- 50 लाख का बांड हटाया जाए।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App