अंडे पर विपक्ष ने किया विधानसभा में हंगामा, सत्ता पक्ष ने बीजेपी पर लगाया राजनीति करने का आरोप
मिड डे मील में अंडा को शामिल करने के बाद सियासत गरमा गई है। गुरुवार को सदन में अंडे को लेकर पक्ष विपक्ष में जमकर बहस हुई।;
रायपुर। मिड डे मील में अंडा को शामिल करने के बाद सियासत गरमा गई है। गुरुवार को सदन में अंडे को लेकर पक्ष विपक्ष में जमकर बहस हुई। इस मामले को लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि जिन शालाओं में अंडा वितरण किया जाना है, वहां शाकाहारी छात्र-छात्राओं के लिए अन्य प्रोटीनयुक्त मिल्क, सोयाबीन, बिस्किट जैसे समान भी बांटे जाने हैं। उन्होंने विकल्पों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार ने भी आंगनबाड़ी केंद्रों में अंडा वितरण का निर्णय लिया था जो आज भी लागू है। इससे साफ है कि भारतीय जनता पार्टी स्कूलों में अंडा वितरण को राजनीतिक रंग दे रही है।
जिसके बाद मंत्री के बयान को राजनीतिक करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने हंगामा किया। उन्होंने अपने स्थान पर खड़े होकर विरोध जताया। बीजेपी ने कहा कि सरकार की जगह यह राजनीतिक दल का वक्तव्य नजर आता है। जिसके बाद सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी अपने स्थान पर खड़े होकर विपक्ष को अंडे के मामले पर राजनीति बंद करने की नसीहत दी।
इस मामले में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा किअंडा खाने वाले और नहीं खाने वाले बच्चों को अलग नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज शाकाहार के पक्ष में वातावरण बन रहा है। लोग अब शाकाहार की तरफ बढ़ रहे हैं। ऐसे में बच्चों को अंडा देकर मांसाहार की तरफ ढकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को जिस सांचे में ढालेंगे बच्चे उसी सांचे में ढलेंगे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App