यहां श्मशान बना धाम, दर्शन के लिए पहुंच रहे हजारों, कलेक्टर भी हैरान
ब्लाॅक मुख्यालय से 12 किमी दूर ग्राम पंचायत मोहदा की महिला सरपंच रेखा प्रहलाद ने बंजर भूमि व कांटो से पटे पड़े श्मशान घाट को आज अपनी मेहनत व मनरेगा रोजगार गारंटी के जरिए ऐसा मुक्तिधाम बनाया है जिसे देखकर रायपुर कलेक्टर व जिला पंचायत अध्यक्ष भी अचंभित रह गए।;
धरसींवा। ब्लाॅक मुख्यालय से 12 किमी दूर ग्राम पंचायत मोहदा की महिला सरपंच रेखा प्रहलाद ने बंजर भूमि व कांटो से पटे पड़े श्मशान घाट को आज अपनी मेहनत व मनरेगा रोजगार गारंटी के जरिए ऐसा मुक्तिधाम बनाया है जिसे देखकर रायपुर कलेक्टर व जिला पंचायत अध्यक्ष भी अचंभित रह गए। अब इस मुक्तिधाम अपने प्राकृतिक सौंदर्य और खूबसूरती के चलते एक पर्यटक स्थल का रूप ले लिया है। हर रोज सैकड़ो सैलानी यहां आकर अपना समय गुजार रहे है। यह मुक्तिधाम छत्तीसगढ़ के अन्य जगहों के लिए मिशाल बन गया है। मुक्ति धाम में लगभग 15 हजार पेड़ व फूल-पौधे लगाए गए है। जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
अद्भुत साैंदर्य:
दस एकड़ में फैले इस मुक्ति धाम में प्राकृतिक वातावरण को बढ़ावा देने हेतु महिला सरपंच रेखा प्रह्लाद ने एक सुंदर तालाब का निर्माण करवाया है। मुक्ति धाम में धार्मिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए लगभग 18 देवी-देवताओं की मूर्ति बनाई गई है, जिसमे भगवान शिव की प्रतिमा लोगों के बीच आस्था का केंद्र बनी हुई है। साथ ही हजारों प्रकार के फूल के साथ -साथ विभिन्न प्रकार के फलदार वृक्ष भी लगाए गए हैं। जिनकी देख-रेख स्वयं ग्राम की सरपंच व उनके पिता अनिरुद्ध सिंह प्रहलाद करते हैं।
अधिकारी हैरान:
मुक्तिधाम में बने उद्यान को देख कर निरीक्षण में पहुंचे रायपुर कलेक्टर एस भारती दासन भी चकित रह गए। वहीं रायपुर जिला पंचायत मुख्यकार्य पालन अधिकारी गौरव कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष शारदा वर्मा ने भी इस मुक्तिधाम को प्रदेश का सबसे उत्कृष्ठ मुक्तिधाम घोषित कर प्रदेश के लिए एक मिसाल बताया।
मुखिया का है इंतजार:
ग्राम पंचायत मोहदा के सरपंच एवं ग्रामीणों का कहना है कि हमने प्रदेश का सबसे उत्कृष्ट मुक्तिधाम बनवाया है। जिसे गांव के मजदूरों द्वारा मनरेगा के तहत बनाया गया है। आज इसे देखने हजारों सैलानी देखने आ रहे हैं। लेकिन हमे इंतजार है तो सिर्फ प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ताकि हमें आगे मार्गदर्शन मिल सके।
रच सकता है इतिहास:
मनरेगा द्वारा यह मुक्ति धाम व उद्यान बनाया गया है। जहां पर अगर शासन हमे थोड़ी सी प्रोत्साहित करेगा तो कुछ दिन बाद यह मुक्तिधाम देश में ऐतहासिक होगा।।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App