एयरपोर्ट के ऊपर 15 हजार फीट की ऊंचाई पर चक्कर लगाता रहा एयरक्राफ्ट, पंद्रह मिनट बाद हो सकी लैंड
राजधानी में दोपहर होते ही मौसम खराब होने की वजह से कोलकाता से रायपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट को लैंडिंग के लिए मौसम के साफ होने का इंतजार करना पड़ा। फ्लाइट तब तक लगभग पंद्रह हजार फीट की ऊंचाई पर चक्कर लगाती रही।;
रायपुर। राजधानी में दोपहर होते ही मौसम खराब होने की वजह से कोलकाता से रायपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट को लैंडिंग के लिए मौसम के साफ होने का इंतजार करना पड़ा। फ्लाइट तब तक लगभग पंद्रह हजार फीट की ऊंचाई पर चक्कर लगाती रही। पंद्रह मिनट बाद लैंडिंग के लायक विजिबलिटी बनने के बाद नीचे उतरी। दोपहर बाद मौसम बदला और माना इलाके में भारी बारिश हुई। इस दौरान काले बादलों की वजह से वहां दृश्यता बहुत कम हो गई थी। शाम लगभग साढ़े चार बजे कोलकाता उड़ान भरने वाली फ्लाइट रायपुर पहुंचती है, जो अपने निर्धारित समय पर यहां पहुंच गई थी, लेकिन एयरपोर्ट के आसपास तेज बारिश हो रही थी। इंडिगो की इस फ्लाइट को उस दौरान लैंड करने की अनुमति नहीं मिली।
अनुमति के इंतजार में हजारों फीट की ऊंचाई पर यह फ्लाइट लगभग पंद्रह मिनट तक मौसम साफ होने के इंतजार में चक्कर लगाती रही। मौसम साफ होने के बाद एटीसी की ओर से विमान के रनवे पर उतरने की स्थिति होने पर अनुमति दी गई, जिसके बाद फ्लाइट रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड हो सकी। फ्लाइट ने अपने निर्धारित समय से 25 मिनट विलंब से कोलकाता के लिए उड़ान भरी।
आधा घंटा विलंब से रवाना
इसी तरह शाम 4.50 बजे रायपुर एयरपोर्ट से मुंबई रवाना होने वाली फ्लाइट अपने निर्धारित समय से आधा घंटा विलंब से रवाना हुई। शेष अन्य फ्लाइट की आवाजाही पर मौसम का असर नहीं हुआ। इंडिगो की कोलकाता फ्लाइट को कुछ देर तक मौसम खराबी की वजह से आसमान पर होल्ड रखने की पुष्टि एयरपोर्ट के डायरेक्टर राकेश आर. सहाय ने भी की है।
दिल्ली से नहीं आई फ्लाइट
सुबह 5.25 बजे दिल्ली से रवाना होकर 7.05 बजे रायपुर पहुंचने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को बुधवार को तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया। इसकी वजह से यहां से दिल्ली रवाना होने वाली फ्लाइट का संचालन भी नहीं हुआ। फ्लाइट को कैंसिल किए जाने की जानकारी यात्रियों को पहले ही दे दी गई थी। इसके बाद भी दिल्ली के लिए रायपुर से सात उड़ानों का संचालन हुआ, जिसकी वजह से इसका कोई खास असर नहीं हुआ। वर्तमान में दिल्ली के लिए एयर इंडिया द्वारा दो, विस्तारा एयरलाइंस दो तथा इंडिगो द्वारा चार उड़ानों का संचालन नियमित तौर पर किया जाता है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App