मुश्किल समय में भी रिश्ते में बनी रहे मधुरता
जीवन में कभी दुख और मुश्किल की घड़ी लंबी हो जाती है लेकिन आपसी प्रेम और विश्वास के सहारे जब आप इनका सामना करते हैं तो इनसे उबर जाते हैं। कोरोना संक्रमण का दौर भी ऐसा ही समय है। इसका असर दांपत्य जीवन पर न हो, इसके लिए पति-पत्नी को संयम से काम लेना चाहिए।;
कोरोना संक्रमण ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले रखा है। इस दौर में लोगों में तनाव बढ़ रहा है, इसका असर उनके रिश्तों पर भी पड़ रहा है। हाल ही में बिगड़ते दांपत्य रिश्तों की कुछ खबरें भी आईं। दरअसल, दांपत्य जीवन परस्पर प्रेम, विश्वास, समर्पण की भावना पर टिका होता है। जब किसी कारण से इन बातों में कमी आने लगती है, तब दांपत्य जीवन में मनमुटाव, दूरी आने लगती है।
अगर आप चाहती हैं कि कोरोना महामारी का यह दौर आपके दांपत्य जीवन में तनाव, मनमुटाव का कारण न बने तो इसके लिए आपको कुछ छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देने की जरूरत है। ऐसा करने पर आपका दांपत्य जीवन हमेशा खुशियों से भरा रहेगा।
एक-दूसरे की ताकत बनें
दांपत्य जीवन में मधुरता लाने के लिए एक-दूसरे की ताकत बनना जरूरी है। कोरोना के इस काल में कई लोगों की जॉब चली गई है और कई लोगों को कम सैलरी मिल रही है, ऐसे में पति और पत्नी को एक-दूसरे की ताकत बनना चाहिए। एक-दूसरे से शिकायत करने की बजाय अपने साथी को यह भरोसा दिलाना चाहिए कि यह समय भी गुजर जाएगा। यह भरोसा आपके दांपत्य जीवन को प्रेम से भर देगा।
साथी की गल्तियां न खोजें
कुछ पति-पत्नी जरा सी परेशानी आने पर एक-दूसरे पर दोष मढ़ने लगते हैं। इससे रिश्ता कमजोर हो जाता है। दरअसल, जब कोई हमेशा अपने साथी की गल्तियां खोजता रहता है तो धीरे-धीरे उसके मन में साथी के लिए असंतोष पनप जाता है, जिससे संबंध बिगड़ता है। याद रखिए, हर व्यक्ति परफेक्ट नहीं होता, कमी तो दोष निकालने वाले में भी हो सकती है। ऐसे में जीवनसाथी के लिए सकारात्मक नजरिया ही रखें। इससे दांपत्य जीवन में मजबूती आएगी, प्यार बढ़ेगा।
भावनाओं को जाहिर करें
अकसर देखा गया है कि मनमुटाव होने पर कुछ पति-पत्नी बातचीत बंद कर देते हैं। लेकिन एक लंबे मौन से आपसी संबंधों में खटास पैदा होती है। दांपत्य जीवन में बातचीत बंद करने की गलती न करें। आपके बीच कोई बात है, जो अनबन का कारण है तो चुप रहकर उसे बड़ा मुद्दा बनाने की जगह, उस पर खुलकर चर्चा करें। इसी के साथ आप दोनों को समय-समय पर एक-दूसरे को अपने प्यार का अहसास कराना भी जरूरी है। खासकर इस कोरोना संक्रमण के समय तो आपके प्यार का अहसास जीवनसाथी को मुश्किल से लड़ने की हिम्मत देगा।
प्यार भरा उपहार दीजिए
अकसर पति-पत्नी, जन्मदिन या शादी की सालगिरह पर ही एक-दूसरे को गिफ्ट देते हैं। लेकिन अब आपको इस सोच से बाहर निकलने की जरूरत है। जीवनसाथी को अचानक कोई कोई प्यार भरा गिफ्ट देकर देखिए। यह एक गुलाब का फूल या उनकी पसंदीदा डिश भी हो सकती है। अचानक आपसे प्यार भरा तोहफा पाकर, जीवनसाथी के होंठों पर मुस्कान, चेहरे पर खुशी आ जाएगी। यह मुस्कान, खुशी आपके रिश्ते को मधुर और गहरा बनाएगी।
त्योहार-पर्व मनाएं साथ
अपने देश में पूरे साल कई त्योहार मनाए जाते हैं। सावन-भादों के साथ ही त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है। हमारे यहां कई त्योहार पति-पत्नी के रिश्ते को मजबूत बनाते हैं। हरतालिका तीज भी ऐसा ही पर्व है, यह दांपत्य जीवन की खुशहाली के लिए मनाया जाता है। यह त्योहार पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम, समर्पण को दर्शाता है। कोरोना के इस काल मंे कोशिश करें कि आप मिलकर यह पर्व मनाएं। ऐसा करने पर आपका रिश्ता और प्रगाढ़ होगा।