डबल मर्डर मामले में 5 गिरफ्तार, पुरानी रंजिश पर किया था चाकू से हमला

रायपुर: राजधानी रायपुर के दलदल सिवनी पंडरी में सोमवार को चाकू से गोदकर दो युवकों की हत्या मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक आरोपी घायल है, जिसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है।;

Update: 2023-01-18 00:20 GMT

रायपुर: राजधानी रायपुर के दलदल सिवनी पंडरी में सोमवार को चाकू से गोदकर दो युवकों की हत्या मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक आरोपी घायल है, जिसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इसके अलावा हत्याकांड में कुछ और आरोपियों के भी शामिल होने की बात कही जा रही है, जो अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

रास्ता रोका, किया विवाद, चाकू से ताबड़तोड़ हमला

दलदल सिवनी निवासी गोकुल निषाद सोमवार को रात करीब 10 बजे अपने साथी जीतेंद्र डहरिया के साथ घर लौट रहा था। इस दौरान तालाब के किनारे आरोपी गोकुलनंदन साहू, दीपक साहू समेत अपने अन्य साथियों के साथ शराब पी रहा था। आरोपी की गोकुल और जीतू के साथ पुरानी रंजिश होने के कारण उसने दोनों का रास्ता रोक लिया और उनसे विवाद करने लगा। इस विवाद में आरोपी के अन्य साथी भी उसका साथ देते हुए दोनों से मारपीट करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने चाकू निकालकर दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में गोकुल के पेट, कमर व छाती में गंभीर चोटें आई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जीतू के सीने व पसली में गंभीर चोटें आई थीं, जिसे अस्पताल तक जीवित हालत में पहुंचाया तो गया, लेकिन उसकी हालत इतनी गंभीर थी कि डाॅक्टर भी उसे बचा नहीं पाए।

इस घटना में आरोपी गोकुलनंदन को भी गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान खुद के बचाव में गोकुल व जीतू ने भी आरोपी पर हमला कर दिया था, जिससे उसे भी चोटें आई हैं। आरोपी को भी घटना के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं छठवें आरोपी गोकुलनंदन का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिसे ठीक होने के बाद गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड में कुछ और लोग भी शामिल हैं, जो अभी फरार हैं, पुलिस उनकी भी पतासाजी कर रही है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 148, 149, 302 भादवि व 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर हथियार जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी

दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने त्रिशाल दुबे उर्फ प्रिंस, दीपक साहू, धनेंद्र साहू, पारसमणि साहू उर्फ बोडा एवं नागेश उर्फ लक्की गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी दलदल सिवनी के ही रहने वाले हैं।

Tags:    

Similar News