CG News कुत्तों के झुंड ने मासूम को नोच डाला : शहर में कुत्तों का आतंक, लोगों ने कहा-निगम की लापरवाही का नतीजा बच्चे ने भुगता
शारदा विहार कॉलोनी में आवारा घूम रहे कुत्तों के झुंड ने एक 4 साल के बच्चे पर अटैक कर दिया। स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही बच्चे पर पड़ी तो वो उसे बचाने के दौड़े और कुत्तों को भगाने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों के भगाने के बावजूद भी कुत्तों का झुंड बच्चे को नहीं छोड़ रहा था। पढ़िए पूरी खबर...;
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आवारा कुत्तों के झुंड ने 4 साल के मासूम को नोच डाला है। कुत्तों के हौसले इतने बुलंद थे कि, आस-पास के लोगों के भगाने के बावजूद भी वो बच्चे को नहीं छोड़ रहे थे। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने बच्चे को कुत्तों से बचाया लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के अन्तर्गत शारदा विहार कॉलोनी(Sharda Vihar Colony) में आवारा घूम रहे कुत्तों के झुंड ने एक 4 साल के बच्चे पर अटैक कर दिया। स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही बच्चे पर पड़ी तो वो उसे बचाने के दौड़े और कुत्तों को भगाने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों के भगाने के बावजूद भी कुत्तों का झुंड बच्चे को नहीं छोड़ रहा था। जैसे-तैसे कर लोगों ने बच्चे को कुत्तों से बचाया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। जहां बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है।
नगर निगम को लेकर लोगों में आक्रोश
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों ने नगर प्रसाशन(city administration) पर आरोप लगाते हुए कहा कि, निगम क्षेत्र में श्वानों के नसबंदी की योजना काफी लंबे समय से बंद है। जिससे शहर में में लगातार कुत्तों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि, इसको लेकर कई बार शिकायत भी की गयी है लेकिन प्रसाशन की तरफ से कोई कार्यवाही नहीं की गयी है और लगातार लापरवाही बरती जा रही है। जिसका खामयाजा आज एक 4 साल के मासूम को भुगतना पड़ा है।