गजब का जुगाड़ : गांजा रखने गाड़ी में बनाया चेंबर, पर 42 लाख के मादक पदार्थ के साथ धरे गए तस्कर

कोंडागांव जिले में पुलिस ने बीते कल यानी गुरुवार को गांजा तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों नशे के सौदागरों के पास से पुलिस ने 42 लाख का मादक पदार्थ बरामद किया है।;

Update: 2022-04-15 12:47 GMT

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पुलिस ने बीते कल यानी गुरुवार को गांजा तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों नशे के सौदागरों के पास से पुलिस ने 42 लाख का मादक पदार्थ बरामद किया है। मामला कोण्डागांव थाना क्षेत्र का है। दरअसल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के गांजा तस्कर सुकमा, जगदलपुर होते हुए पिकअप वाहन में गांजा रखकर रायपुर की ओर जाने वाले हैं।

सूचना के आधार पर कोंडागांव नारकोटिक्स सेल ने नेशनल हाईवे में मर्दापाल तिराहा के पास नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू की। इस दौरान पुलिस ने जगदलपुर की ओर से आ रही एक पिकअप को रोकने की कोशिश की। लेकिन पिकअप फर्राटा भरते हुए आगे निकल गई। इसके बाद नारकोटिक्स सेल ने बाइक से पीछा कर उसे पकड़ा। गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस ने देखा कि तस्करों ने गांजा रखने के लिए गाड़ी में अलग से चेंबर बनाया है। चेंबर को चेक करने पर उसमें 36 पैकेट मिले, जिसमें 213 किलो गांजा मिला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 42 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी कमल बख्शी (ओडिशा) और मैपाली रामचन्दर (आन्ध्र प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

Tags: