'आप' के 32 जिलाध्यक्ष नियुक्त : प्रदेश प्रभारी झा बोले-हम संगठनात्मक विस्तार के तीसरे चरण की ओर बढ़े
प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता ली। इस प्रेस वार्ता में संजीव झा ने कहा- आम आदमी पार्टी संगठन के तीसरे दौर में जा रही है.. पढ़िए पूरी खबर...;
रायपुर। आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने पार्टी कार्यालय में आज प्रेस वार्ता ली। इस प्रेस वार्ता में संजीव झा ने कहा- आम आदमी पार्टी संगठन के तीसरे दौर में जा रही है। श्री झा ने जिला अध्यक्षों और जिला सचिवों की घोषणा की। छत्तीसगढ़ के 32 जिलों में अध्यक्ष और सचिव की नियुक्ति की गई। वहीं सुकमा जिले में सिर्फ प्रभारी नियुक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि, छत्तीसगढ़ में 33 जिले हैं, जिनमें 32 जिलों के अध्यक्ष और सचिवों के नामों की घोषणा आम आदमी पार्टी ने कर दी है। जिले के बाद विधासभा स्तर पर नियुक्ति होगी। विधानसभा के बाद एक विधानसभा को ब्लॉक स्तर पर बांटा जाएगा। ब्लॉक को भी 5 सर्कल में पंचायतों के रूप में बांटा गया है। ये संगठन का स्ट्रक्चर रहेगा। अभी जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई। अब इस महीने के अंत तक लोकसभा के नेताओं की घोषणा कर दी जाएगी। श्री झा ने कहा कि, फरवरी तक हम पूरे प्रदेश संगठन की घोषणा कर देंगे। हर जिले स्तर का दौरा किया जायेगा।
आंदोलनरत सभी लोगों की मांगें पूरी करने की घोषणा
आम आदमी पार्टी के प्रभारी संजीव झा ने कहा कि, चाहे बीजेपी हो या कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने जनता को लूटने का काम किया है। हम तीसरे विकल्प के तौर में छत्तीसगढ़ की जनता के सामने आएंगे और जमीनी स्तर की लड़ाई लड़ेंगे। साथ ही यहां किसान और आदिवासियों के हित में काम करेंगे। इसके साथ ही जितने लोग आज अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, अगर हम यहां सरकार बनाते हैं तो सभी की मांगों को पूरा किया जाएगा।