भाजपाइयों ने किया चक्काजाम: प्रभात खलखो बोले- विधायक लोगों को विकास के नाम पर बेवकूफ बना रहे हैं...
तीन सालों से डोमनी नाले की जर्जर हो चुकी पुलिया के विरोध में भाजपा ने धरना प्रदर्शन कर चक्काजाम कर दिया। धरना प्रदर्शन को संबोधित कर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रभात खलखो ने क्षेत्रीय विधायक और खाद्यमंत्री अमरजीत भगत पर हमला बोलते हुए कहा कि...पढे़ पूरी खबर;
अनिल उपाध्याय/सीतापुर- छत्तीसगढ़ के सीतापुर में तीन सालों से डोमनी नाले की जर्जर हो चुकी पुलिया के विरोध में भाजपा ने धरना प्रदर्शन कर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान भाजपाइयों ने आवागमन के लिहाज से बेहद खतरनाक हो चुकी पुलिया के ऊपर ही चक्काजाम किया है। इस प्रदर्शन में भाजपा का साथ ग्रामीणों ने भी दिया है। धरना प्रदर्शन की वजह से पुलिया के दोनों तरफ से आना-जाना बाधित हो गया है।
आपको बता दें, पुलिया से निकलने वाले लोग जान हथेली पर रखकर सफर तय करते है। आवागमन के लिहाज से काफी व्यस्त होने के कारण यातायात के दबाव से पुलिया का काफी बड़ा हिस्सा धंस गया है। धंसने की वजह से पुलिया टेढ़ी होकर जानलेवा हो चुकी है। पूलिया की ये हालत देख भाजपाइयों ने धरना प्रदर्शन और चक्काजाम कर ज्ञापन सौंपा था। जिसके बाद भाजपाइयों ने डोमनी पुलिया की जर्जर हालत के विरोध में धरना प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। भाजपाईयों के इस चक्काजाम को ग्रामीणों ने भी समर्थन दिया है। डोमनी पुलिया पर चक्काजाम होने की वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने खाद्यमंत्री पर बोला हमला...
धरना प्रदर्शन को संबोधित कर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रभात खलखो ने क्षेत्रीय विधायक और खाद्यमंत्री अमरजीत भगत पर हमला बोलते हुए कहा कि, क्षेत्र के विकास के नाम पर खाद्यमंत्री लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। खाद्यमंत्री क्षेत्र के दौरे पर जब भी आते हैं, केवल एक ही राग बोलते है कि, मैंने क्षेत्र का विकास किया है। अगर वाकई में क्षेत्र का विकास हुआ होता तो तीन साल से जर्जर इस पुलिया कि ये हालत नही होती। क्षेत्र की जनता खाद्यमंत्री के झूठे वादे को समझ गई है। समय आने पर वो खाद्यमंत्री को आईना दिखाएगी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष श्रवण दास नीरू, मिस्त्री मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा संगीता कंसारी ओमप्रकाश गुप्ता, संजय गुप्ता त्रिलोचन सदावर्ती, प्रधान सत्यनारायण यादव संतोष सुभाष गुप्ता, ललिता तिवारी, कौशल्या भगत मुन्ना सिंह आदि उपस्थित थे।