BJP का धरना : स्थानीय मुद्दों पर सरकार को घेरा.. साय, शर्मा और पांडेय भी पहुंचे
गणेश मिश्रा-बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला में भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्थानीय मुद्दों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आबकारी मंत्री कवासी लखमा और स्थानीय विधायक विक्रम शाह मंडावी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज किया। धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
विष्णुदेव साय ने सरकार को दी डकैत की संज्ञा
धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार और विधायक को स्थानीय मुद्दों पर घेरने की कोशिश की। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत सभी कांग्रेसी विधायक एवं मंत्रियों को डकैत तक की संज्ञा दे दी। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार हावी है और आरक्षण के मामले में आदिवासियों को लगातार कांग्रेस सरकार दिग्भ्रमित कर उनका शोषण करने का षड्यंत्र रच रही है।
नियुक्तियों में पैसों के लेनदेन का आरोप
पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने स्थानीय विधायक और कलेक्टर पर स्थानीय भर्तियों में पैसों का लेनदेन कर युवाओं को नौकरी देने के साथ-साथ अनुकंपा जैसी नियुक्तियों में भी पैसे लेनदेन करने का आरोप लगाया है। धरना प्रदर्शन के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आबकारी मंत्री कवासी लखमा और स्थानीय विधायक विक्रम शाह मंडावी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज किया।