उपचुनाव : जिले की पंचायतों, जनपद सदस्य और पार्षद के लिए मतदान शुरू, सुबह 7 बजे से शुरू हुई प्रक्रिया

जिले के 35 मतदान केंद्रों में एक दिन पहले ही चुनाव दल निर्धारित केंद्रों में पहुंच चुके थे। आज सुबह निर्धारित समय में मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई।;

Update: 2023-01-09 07:42 GMT

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में आज नगरीय एवं पंचायत उपचुनाव हो रहे हैं। जिले के 35 मतदान केंद्रों में एक दिन पहले ही चुनाव दल निर्धारित केंद्रों में पहुंच चुके थे। आज सुबह निर्धारित समय में मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई।

जिले में आज हो रहे उप चुनाव में 8 पंचायतों में सरपंच, जनपद सदस्य के 1 एवं पार्षद का 1 पद विरुद्ध कुल 36 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके लिए जिले के कुल 2570 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसके लिए कुल 35 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस बीच कलेक्टर ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर जायजा लिया। वहीं बलौदाबाजार के वार्ड क्रमांक 5 में पार्षद पद के उपचुनाव हो रहा हैं, जिसमें 2 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां मतदान 3 बजे तक होगा।

कलेक्टर ने लिया मतदान केंद्रों का जायजा

कलेक्टर रजत बंसल ने आज जिला मुख्यालय में नगर पालिका परिषद कार्यालय में पहुंचकर स्ट्रॉन्ग रूम, मतगणना स्थल एवं गौरव मार्ग में स्थित सामुदायिक भवन में बनाएं गए मतदान केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान दल से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इसके साथ ही कलेक्टर बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त चुनाव के लिए कुल 35 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें पंचायतों में 34 एवं नगरीय निकाय में 1 केंद्र शामिल हैं।

Tags: