CG Election : महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव का छलका दर्द, सोशल मीडिया पर लिखा-टिकट उन्हें मिलता है...जिनके पास जुगाड़ होता है...
पूर्व लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ रहे स्व. परसराम भारद्वाज की बेटी रोमा परसराम भारद्वाज को उम्मीद थी कि, इस बार पार्टी उन्हें टिकट देगी। पढ़िए उन्होंने और क्या लिखा...;
रायपुर। आजकल सोशल मीडिया खुशी के साथ ही गम बांटने का भी सबसे अच्छा माध्यम बन गया है। आजकल चुनाव का सीजन चल रहा है, ऐसे में जिसे टिकट मिला वह सोशल मीडिया पर खुशियां जता रहा है.. लेकिन जिन्हें टिकट नहीं मिला उनके लिए सोशल मीडिया ही गम गलत करने का माध्यम भी बना हुआ है। इसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस कमेटी की सचिव रोमा परसराम भारद्वाज ने भी अपना दर्द सोल मीडिया पर साझा किया है। परसराम भारद्वाज प्रदेश के दिग्गज नेताओं में शुमार किए जाते थे। उल्लेखनीय है कि, कांग्रेस पार्टी ने इस बार टिकट वितरण का आधार पार्टी के अंदरूनी सर्वे को बताया है। इसी पर कटाक्ष करते हुए रोमा ने लिखा है कि, सर्वे तो फसलों का भी होता है... लेकिन बीमा की राशि मिलती कहां है?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे परसराम भारद्वाज की बेटी हैं रोमा
रोमा भारद्वाज पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सालों से लगातार काम कर रही हैं। पूर्व लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ रहे स्व. परसराम भारद्वाज की बेटी रोमा परसराम भारद्वाज को उम्मीद थी कि, इस बार पार्टी उन्हें टिकट देगी। लेकिन पार्टी ने शेषराज हरबंस के नाम पर मुहर लगा दी है। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर रोमा परसराम भारद्वाज का दर्द छलका है।
टिकट उनको, जिनके पास जुगाड़ होता है...
रोमा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि ‘टिकट उन्हीं को मिलता है, जिनके पास जुगाड़ होता है... बाकी सर्वे तो फसल का भी होता है, लेकिन बीमा नहीं मिलता। इसके अलावा उनके वाल पर टिंकू जांगड़े नाम के एक खुद को कांग्रेस कार्यकर्ता बताने वाले युवक ने एक के बाद एक कई टैग करते हुए लिखा है कि, पामगढ़ के जनता बहुत होसियार अऊ बहुत समझदार हे। खेत म धान के बीच करगा ल कैसे निकाल के फेंकथें, ओला पामगढ़ के जनता अच्छा से जानथे। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में सीधे मुख्यमंत्री से बाहरी को टिकट दिए जाने को लेकर सवाल किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता टिंकू जांगड़े ने ही पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बाहरी प्रत्याशियों के प्रवेश वर्जित की पोस्टर लगाया है।