CG Election : माथुर पैनल लेकर उड़े दिल्ली, केंद्रीय चुनाव समिति के साथ बैठक के बाद दूसरी सूची
भाजपा ने आचार संहिता लगने से पहले ही अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करना प्रारंभ कर दिया है। पड़ोसी राज्य मप्र में एक दिन पहले दूसरी सूची में 39 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। इसके बाद से ही छत्तीसगढ़ की दूसरी सूची को लेकर चर्चा हो रही है। पढ़िए पूरी खबर ...;
रायपुर। भाजपा (BJP) के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर( state in-charge Om Mathur)छत्तीसगढ़ की बची 69 सीटों के लिए तय किया गया पैनल लेकर दिल्ली उड़ गए हैं। अब दिल्ली में केंद्रीय चुनाव पैनल (Central Election Panel) पर मंथन के बाद प्रत्याशियों (candidates)का ऐलान होगा। परिवर्तन यात्रा (Parivartan Yatra)का एक तरह से मंगलवार को समापन हो गया है। अब प्रधानमंत्री समिति की बैठक में इस नरेंद्र मोदी का समय मिलते ही कभी भी दिल्ली में प्रदेश के पदाधिकारियों को तलब करके बैठक में प्रत्याशी तय करके दूसरी सूची का ऐलान किया जा सकता है। दूसरी सूची में दो दर्जन से ज्यादा नाम हो सकते हैं।
देश में इस साल पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि, भाजपा ने आचार संहिता लगने से पहले ही अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करना प्रारंभ कर दिया है। पड़ोसी राज्य मप्र में एक दिन पहले दूसरी सूची में 39 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। इसके बाद से ही छत्तीसगढ़ की दूसरी सूची को लेकर चर्चा हो रही है, क्योंकि मप्र और छत्तीसगढ़ के प्रत्याशियों की पहली सूची एक साथ 17 अगस्त को जारी की गई थी, लेकिन छत्तीसगढ़ की दूसरी सूची का अभी जारी होना इसलिए संभव नहीं है, क्योंकि प्रदेश के पदाधिकारियों की केंद्रीय चुनाव समिति के साथ बैठक नहीं हो सकी है।
माथुर ने किया शाह के स्थान पर मंथन
भाजपा की परिवर्तन यात्रा का जिस दिन 12 सितंबर को आगाज हुआ, उसी दिन अचानक प्रदेश के पदाधिकारियों को दिल्ली बुलाया गया था। इस दिन रात को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निवास में बैठक हुई, लेकिन केंद्रीय चुनाव समिति के साथ प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक नहीं हो सकी। इनको वापस भेज दिया गया, क्योंकि 14 सितंबर को रायगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा थी। इसके बाद अमित शाह 22 सितंबर को रायपुर आकर प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ बची 69 सीटों के नामों के पैनल पर मंथन करने वाले थे, लेकिन उनका आना टल गया। ऐसा होने पर 22 सितंबर को ही प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने प्रदेश के पदाधिकारियों राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन और अन्य महामंत्रियों के साथ बैठक करके सभी बची सीटों के लिए पैनल के नाम तय किए हैं। अब इस सूची को लेकर श्री माथुर दिल्ली चले गए हैं।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक का इंतजार
अब केंद्रीय चुनाव समिति के साथ प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक का इंतजार है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समय मिलना अहम है। भाजपा के जानकारों का साफ कहना है, हर राज्य की एक-एक सीट पर प्रत्याशियों के नामों की पूरी जानकारी प्रधानमंत्री ले रहे हैं। उनकी सहमति के बाद ही नाम फाइनल हो रहे हैं। ऐसे में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद ही छत्तीसगढ़ के प्रत्याशियों के नाम फाइनल होंगे और दूसरी सूची जारी होगी। भाजपा की परिवर्तन यात्रा का आज एक तरह से समापन हो जाएगा। ऐसे में संभावना है कि कभी भी दिल्ली से केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के लिए प्रदेश के पदाधिकारियों को बुलावा आ सकता है।