CG Politics : गृहमंत्री की आयोग से शिकायत पर भड़की भाजपा, कहा- पीड़ित का साथ देना गलत है...तो ये गलती भाजपा हमेशा करेगी...
भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि, कांग्रेस ने अपनी कमियों को छुपाते हुए केंद्रीय गृहमंत्री की शिकायत की है।;
स्वप्निल गौरखेड़े/रायपुर- गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी। कांग्रेस ने शाह पर आरोप लगाते हुए कहा था कि, इनका मकसद छत्तीसगढ़ में सांप्रदायिक हिंसा भड़काना है। शाह ने कहा था कि 'भूपेश बघेल सरकार ने तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए छत्तीसगढ़ के बेटे भुवनेश्वर साहू को लिंचिंग करवाकर मार दिया। 'भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि हम भुवनेश्वर साहू के हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि, कांग्रेस ने अपनी कमियों को छुपाते हुए केंद्रीय गृहमंत्री की शिकायत की है।
कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है…
संजय श्रीवास्तव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, देश की आज़ादी के बाद से कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। कवर्धा में इस तरह की घटना कभी नहीं हुई, कभी किसी धर्म पर आक्रमण नहीं हुआ। इसके बाद भी सरकार ने एक्शन नहीं लिया, उल्टा बीजेपी के कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया गया। बिरनपुर बदनुमा दाग है, जिसने छत्तीसगढ़ को बदनाम किया है। एक युवक की वहां हत्या की गई, घटनाएँ होती हैं। लेकिन जिस तरह से वर्ग विशेष की चीजे सामने आई, इस तरह से नहीं होती। भुनेश्वर के पिता ने रिपोर्ट लिखाई, लेकिन कुछ लोगों के ऊपर ही कार्रवाई हो गई। भाजपा बिरनपुर की बात कर रही है तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। मृत युवक के पिता सरकार के चौखट तक गये, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित पक्ष के साथ खड़े होना गलत है तो यह गलती भाजपा हर बार करेगी...
क्या इन मामलों को कांग्रेस ने सही माना...
संजय श्रीवास्तव ने राजनांदगांव की सभा को याद दिलाते हुए कांग्रेस की कमियां और बिगड़ी कानून व्यवस्था के बारे में उल्लेख किया और कहा कि, सरकार के लोगों को इसे समझना चाहिए। लेकिन बेशर्मी के साथ कुछ लोग जाकर चुनाव आयोग में शिकायत करते है कि, धार्मिक उन्माद अमित शाह ने फैलाया हैं। जो व्यक्ति गये थे, उनसे पूछना चाहता हूं। क्या उन्होंने बिरनपुर का मामला हो या कवर्धा का मामला हो, कभी घटनाओं को सही माना है।