सिविल सर्विसेज बास्केटबॉल प्रतियोगिता में गड़बड़ी, राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी सूची से बाहर
सिविल सर्विसेज बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जारी की गई चयन सूची में ऐसे खिलाड़ियों का चयन किया है, जिनका इस खेल के संबंध में कोई अनुभव नहीं है।;
रायपुर। सिविल सर्विसेज बास्केटबाल प्रतियोगिता में जारी की गई चयन सूची में ऐसे खिलाड़ियों का चयन किया है, जिनका इस खेल के संबंध में कोई अनुभव नहीं है। चयन सूची में बास्केटबाल और नेटबाल में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली खिलाड़ी प्रीति ठाकुर का चयन नहीं किया गया है। खाद्य निरीक्षक के पद पर कार्यरत प्रीति ठाकुर ने इसकी शिकायत खेल एवं युवक कल्याण मंत्री उमेश पटेल से करते हुए कहा है कि खेल विभाग के अधिकारियों ने बिना मापदंड के खिलाड़ियों का चयन किया है।
ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज बास्केटबाल प्रतियोगिता 5 से 9 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ से इसके लिए कुल 16 महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित सूची में नेटबाल खेलने वाली चार महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें से एक खिलाड़ी प्रीति ध्रुव का चयन ट्रायल में उपस्थित न होने के बाद भी कर लिया गया है। वहीं नेटबाल की खिलाड़ियों में बलविंदर कौर, एम रेणुका चंद्रिका साहू का चयन किया गया है। प्रीति ध्रुव ने बिना ट्रायल चयन के आरोप पर कहा कि ट्रायल में वे उपस्थित थीं। उन्होंने स्वीकार किया कि राष्ट्रीय स्तर पर नेटबाल या बास्केटबाल नहीं खेला, बल्कि स्कूल स्तर पर खेलने का अनुभव हैं।
सूची में संशोधन की मांग
वहीं बास्केटबाल और नेटबाल दोनों में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली खिलाड़ी प्रीति ठाकुर का चयन नहीं किया गया है। उन्होंने टीम चयन पर घोर आपत्ति करते हुए खेल मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि टीम में अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में चयनीत महिलाओं का बास्केटबाल से कोई लेना देना नहीं उन्हें चयन कर लिया गया है। उन्होंने सूची में संशोधन की मांग की है।