गंगाजल कलश यात्रा पर कांग्रेस का वार : लगाया गंगाजल का नाम लेकर लोगों में भ्रम फैलाने का आरोप, डॉ. रमन को दी कानूनी कार्यवाही की चेतावनी
राजीव भवन में आज कांग्रेस ने प्रेस वार्ता ली। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की गंगाजल कलश यात्रा पर जमकर हमला बोला। क्या-क्या बोले पढ़िए पूरी खबर...;
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में रविवार को कांग्रेस ने प्रेस वार्ता ली। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की गंगाजल कलश यात्रा पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा अपनी गंगाजल कलश यात्रा में गलत दुष्प्रचार कर रही है। कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में सभी वादों को पूरा करने हाथ में गंगा जल लेकर कसम नहीं खाई थी, केवल किसानों का कर्ज माफ करने हाथ में गंगा जल लेकर कसम खाई गई थी। कांग्रेस सरकार बनने के 10 दिनों में इस वादों को पूरा भी किया गया, लेकिन भाजपा अपनी गंगा जल कलश यात्रा में गलत दुष्प्रचार कर रही है। भाजपा लोगों में भ्रम फैलाने का काम कर रही।
हमने केवल कर्ज माफी के लिए हाथ में गंगा जल लिया था : रामगोपाल अग्रवाल
वहीं प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने कहा कि भाजपा हमेशा से झूठ बोलने का काम करती है। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए अब गंगाजल का सहारा ले रही है। भाजपा को पता नहीं है कि कांग्रेस ने हाथ में गंगा जल क्यों लिया था। हमने केवल कर्ज माफी के लिए हाथ में गंगा जल लिया था, घोषणा पत्र के सभी वादों को पूरा करने के लिए नहीं था।
भाजपा की झूठ बोलने की परंपरा पुरानी : आरपी सिंह
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि भाजपा की झूठ बोलने की परंपरा पुरानी है। भारत जोड़ों यात्रा को लेकर स्मृति ईरानी ने बड़ा झूठ बोला था। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी कन्याकुमारी में थे पर स्वामी विवेकानंद को प्रणाम तक नहीं किया, लेकिन उनका ये बयान सरासर गलत था। राहुल गांधी ने स्वामी विवेकानंद प्रतिमा पर जाकर उन्हें नमन किया। ऐसे कई झूठ भाजपा नेता लगातार बोलते इस आ रहे हैं।
डॉ. रमन सिंह को भेजा जाएगा कानूनी नोटिस : त्रिवेदी
पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा गंगाजल कलश यात्रा निकाल रही है, ये गंगा जल का कैसा सम्मान है। गंगा जल का नाम लेकर भाजपा झूठ बोलने का काम कर रही है। गंगा जल का सम्मान हमने किया। सरकार बनते ही 10 घंटे में किसानों का कर्ज माफ किया। छत्तीसगढ़ की जनता गंगाजल का अपमान कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह को भी पता है, कांग्रेस ने क्यों गंगा जल की शपथ ली थी, लेकिन फिर भी बार-बार रमन सिंह असत्य कथन बोल रहे हैं। डॉ. सिंह को कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। रमन सिंह अपना कथन वापस ले लें, तीन दिनों में कथन वापस नहीं लिया तो कानूनी कार्यवाही की जाएगी।