प्रदेश अध्यक्ष बदलने पर कांग्रेस का भाजपा पर तंज : मरकाम ने कहा- विश्व आदिवासी दिवस के दिन साय को हटाना आदिवासी विरोधी सोच

मरकाम ने कहा कि जिस प्रकार से विश्व आदिवासी दिवस के दिन आदिवासी समाज के नेता साय को उनके पद से हटाया गया, यह भाजपा के आदिवासी विरोधी रवैये को प्रदर्शित करता है। पढ़िए पूरी खबर...;

Update: 2022-08-09 10:17 GMT

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष को बदलकर बिलासपुर से सांसद अरुण साव को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं अरूण साव को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने शुभकामनाएं दी है। साथ ही भाजपा पर तंज कसा है। श्री मरकाम ने कहा कि जिस प्रकार से विश्व आदिवासी दिवस के दिन आदिवासी समाज के नेता विष्णुदेव साय को उनके पद से हटाया गया, यह भाजपा के आदिवासी विरोधी रवैये को प्रदर्शित करता है। छत्तीसगढ़ की 32 प्रतिशत से अधिक आबादी आदिवासी समाज की है। राज्य के बड़े भू-भाग में आदिवासी संस्कृति पुष्पित पल्वित है। कम से कम आदिवासी दिवस के दिन ऐसा अप्रिय निर्णय नहीं लेना था। भाजपा के इस निर्णय से पूरे आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई है। भाजपा का चरित्र मूलरूप से आदिवासी विरोधी है। 15 साल तक राज्य में जब भाजपा सत्ता में थी, तब भी आदिवासियों की शैक्षणिक, आर्थिक, सामाजिक उन्नति में बाधा उत्पन्न की जाती थी। विपक्ष में आने के बाद भी उनके स्वभाव में कोई परिवर्तन नहीं आया।

विश्व आदिवासी दिवस के दिन ही आदिवासी नेता को पद से हटाया : नेताम

कोंडागांव के केशकाल विधानसभा के विधायक संतराम नेताम ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए बड़ा आरोप लगाया है। श्री नेताम ने कहा कि भाजपा ने कभी भी आदिवासियों के हित में नहीं सोचा है। इसीलिए विश्व आदिवासी दिवस के दिन ही भाजपा ने आदिवासी नेता को पद से हटा दिया है।

भाजपा का आदिवासी प्रेम महज दिखावा

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को हटाकर नए प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को बनाए जाने पर कोरिया जिले के भरतपुर-सोनहत से कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का आदिवासी प्रेम महज दिखावा है। भाजपा आदिवासियों को लेकर सिर्फ बड़ी-बड़ी बाते करती है। विश्व आदिवासी दिवस के दिन विष्णुदेव साय को पद से हटाया जाना भाजपा की आदिवासी विरोधी सोच को दर्शाता है। देखिए वीडियो-


Tags:    

Similar News