खड़गे की हत्या की साजिश के खिलाफ कांग्रेसियों ने दर्ज कराई शिकायत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं उनके परिजनों की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कर्नाटक के चित्तूर के भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौर और भाजपा विधायक मदन दिलावर के खिलाफ प्रदेश के सभी जिलाें के थानों में शिकायत दर्ज कराई गई है।;
हरिभूमि रायपुर समाचार: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं उनके परिजनों की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कर्नाटक के चित्तूर के भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौर और भाजपा विधायक मदन दिलावर के खिलाफ प्रदेश के सभी जिलाें के थानों में शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश प्रभारी सचिव चंदन यादव ने कांग्रेसियों के साथ बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधितों को गिरफ्तार करने की मांग की।
श्री मरकाम ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राजनीतिक तौर पर कांग्रेस का मुकाबला नहीं कर पा रही है। कर्नाटक में भाजपा की करारी हार स्पष्ट नजर आ रही है। कर्नाटक की जनता भाजपा की 40 प्रतिशत कमीशन लेने वाली सरकार से त्रस्त है। मोदी और शाह का जुमला भी वहां की जनता समझ चुकी है। हवा-हवाई बातें करने वाली और कर्नाटक को लूटने वाली भाजपा को अब अपनी विदाई नजर आ रही है। ऐसे में भाजपा अब कांग्रेस नेताओं एवं उनके परिजनों की हत्या की साजिश रच रही है और इन साजिशकर्ताओं को भाजपा के बड़े नेताओं का समर्थन है।
कई थानों में शिकायत
इसी कड़ी में शहर और ग्रामीण के धरसींवा विस अंतर्गत विधानसभा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उधोराम वर्मा ने पदाधिकारियों के साथ विधानसभा थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। इस दौरान मोहनलाल वर्मा जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री, कमल भारती महामंत्री, शेषनारायण यादव, महामंत्री भीखू वर्मा, मंसाराम निर्मलकर, संयुक्त महामंत्री डॉ. श्रवण निषाद, नामदेव पाल, जागेश्वर कुर्रे मौजूद रहे। इधर शहर के सिविल लाइंस थाने में नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई, इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत ठेंगड़ी, अरुण जंघेल, दिनेश ठाकुर, अविनय दुबे, कमलेश नाथवानी, विनोद ठाकुर, विजय ठाकुर, मतलूब अली, सुयश शर्मा, दिवाकर साहू समेत कई कांग्रेसी उपस्थित रहे।