निगम ने फूंक दिए 1 करोड़ : मेडिकल कॉलेज की भूमि पर बसा दिया गोकुल नगर, अब कॉलेज प्रबंधन ने कब्जे में ली जमीन

नगर निगम ने गोकुल नगर योजना के नाम पर 1 करोड़ रुपए व्यर्थ में फूंक दिए। योजना के तहत उस जगह पर गोकुल नगर का निर्माण कर दिया, जहां पर मेडिकल कॉलेज का नया भवन प्रस्तावित था। अब मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने क्या किया पढ़िए पूरी खबर...;

Update: 2022-07-09 12:12 GMT

अमित गुप्ता/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नगर निगम ने गोकुल नगर योजना के नाम पर 1 करोड़ रुपए व्यर्थ में फूंक दिए। योजना के तहत उस जगह पर गोकुल नगर का निर्माण कर दिया, जहां पर मेडिकल कॉलेज का नया भवन प्रस्तावित था। अब जगह की कमी का हवाला देते हुए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इस जमीन को अपने कब्जे में ले लिया है। ऐसे में नगर निगम की 1 करोड़ की राशि व्यर्थ में चली गई। मामले में भाजपा शहर सरकार पर राशि के दुरुपयोग का आरोप लगा रही है।

दरअसल पूर्ववर्ती सरकार में नगर निगम ने डेयरी व्यवसायियों को एक जगह पर बसाने के लिए गोकुल नगर योजना बनाई थी। योजना के तहत शहर के अतरमुड़ा इलाके में नगर निगम ने एक करोड़ खर्च कर गोकुल नगर का सेटअप तैयार किया था। इसके तहत दुकानें, गोदाम और पशुओं को रखने के साथ-साथ चारे की भी व्यवस्था की गई थी। योजना के तहत तकरीबन तीन एकड़ जमीन का चयन किया गया था। लेकिन इसी बीच मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरु हो गया। कॉलेज प्रबंधन को अस्पताल के लिए जमीन कम पड़ने लगी, इस पर उस जमीन को कॉलेज प्रबंधन ने अपने कब्जे में ले लिया। अब आलम यह है कि ये योजना शुरू होने के पहले ही दम तोड़ गई। नगर निगम को न तो उस जमीन की राशि मिली न ही कंस्ट्रक्शन पर किया गया खर्च वसूल हो पाया। अब भाजपा एक करोड़ रुपए की बर्बादी को लेकर शहर सरकार को दोषी ठहरा रही है। भाजपा का कहना है कि नगर निगम ने योजनाबद्ध तरीके से काम नही किया। इसकी वजह से पैसों की बर्बादी हो गई। नगर निगम को स्वास्थ्य विभाग से जमीन और कंस्ट्रक्शन पर खर्च की गई राशि की वसूली करनी चाहिए।

वहीं मामले में मेयर भी राशि के अपव्यय की बात स्वीकार कर रही हैं। हालांकि उनका कहना है कि ये मामला पूर्व कार्यकाल का है। नगर निगम पत्राचार कर स्वास्थ्य विभाग से जमीन के साथ-साथ कंस्ट्रक्शन पर खर्च की गई राशि की मांग करेगा। राशि मिलने पर इसे गौठान योजना पर खर्च किया जाएगा। देखिए वीडियो-





Tags:    

Similar News