शहर में दिन-रात का तापमान अब सामान्य से तीन डिग्री हुआ ज्यादा
रायपुर: शहर में दिन-रात का तापमान अब सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा हो गया है यानी ठंड का प्रभाव अब खत्म हो गया है। दक्षिण से आने वाली हवा की रफ्तार कम है, इसलिए नमी का अधिक असर नहीं हो रहा और न्यूनतम तापमान में ठहराव-सा है।;
रायपुर: शहर में दिन-रात का तापमान अब सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा हो गया है यानी ठंड का प्रभाव अब खत्म हो गया है। दक्षिण से आने वाली हवा की रफ्तार कम है, इसलिए नमी का अधिक असर नहीं हो रहा और न्यूनतम तापमान में ठहराव-सा है। कड़ाके की ठंड झेलने वाले कबीरधाम में भी न्यूनतम पारा अब 10 डिग्री के ऊपर हो चुका है।
मध्य इलाके में इस बार ठंड की विदाई जल्द होती महसूस हो रही है। रायपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में जनवरी के दूसरे पखवाड़े में अब तक कड़ाके की ठंड महसूस नहीं हुई है। हवा की दिशा लगातार बदलने की वजह से भी रात का तापमान ऊपर की ओर चढ़ता रहा है। अभी मध्य इलाके से जैसे ठंड गायब हो गई है और यहां दिन के साथ रात का तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक रिकार्ड किया जा रहा है। इसकी वजह से अब रात के वक्त भी ठंड का असर नहीं रह गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश में आने वाली हवा की दिशा दक्षिण हो गई है, मगर हवा की रफ्तार बहुत अधिक नहीं है। इसकी वजह से बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी अपना प्रभाव बहुत अधिक नहीं दिखा पा रही है और बादल कम मात्र में छाए हुए हैं। अगले चौबीस घंटे में मौसम में किसी तरह का बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
ठंड का असर कम
प्रदेश में भी ठंड का असर अब कम होने लगा है। चिल्फी घाटी की वजह से कड़ाके की ठंड की चपेट में रहने वाले कबीरधाम में भी न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और सरगुजा संभाग के सीमावर्ती शहरों में तापमान 12-13 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है।