चौपाटी के विरोध में धरना स्थगित, वार्डों में होगा आंदोलन का विस्तार

पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में एजूकेशन हब की जमीन पर चौपाटी निर्माण के विरोध में दिया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल की मौजूदगी में स्थगित कर दिया गया।;

Update: 2023-01-15 00:58 GMT

रायपुर। पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में एजूकेशन हब की जमीन पर चौपाटी निर्माण के विरोध में दिया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल की मौजूदगी में स्थगित कर दिया गया। अब भारतीय जनता पार्टी राजधानी के सभी वार्डों में अपने आंदोलन का विस्तार करेगी और नगर निगम रायपुर तथा स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट की खामियों को उजागर करेेगी। धरनास्थल पर आयोजित सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक और पदाधिकारी पहुंचे।

इधर कांग्रेसी नेताओं ने पूर्व मंत्री मूणत के अनिश्चितकालीन धरना को झूठ प्रपोगंडा रचित धरना करार दिया है। चौपाटी निर्माण के विरोध में भाजपाइयों के पंडाल स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, कोई तो ऐसा क्षेत्र हो, जहां प्रदेश सरकार का भ्रष्टाचार ना हो। भूमाफिया, रेत माफिया, नशा माफिया और अब चौपाटी माफिया फल-फूल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, धर्मांतरण का खुला खेल प्रदेश सरकार की शह पर हो रहा है। जनजातीय बंधुओं को प्रशासन की शह पर प्रताड़ित किया जाता है, सरकार मौन रहकर तमाशबीन बनी रहती है।

डॉ. रमनसिंह ने कहा मैने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से चर्चा की। उनसे पूछा आपकी तरफ से इस पर क्या कार्यवाही की जाएगी? श्री पुरी ने आश्वासन दिया आप निश्चिंत रहिए डॉ. साहब, मैं ऐसी कार्यवाही करूंगा कि नजीर बन जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, हम इस आंदोलन का विस्तार करेंगे। इसे रायपुर के एक-एक वार्ड तक लेकर जाएंगे। हमारी लड़ाई यही खत्म नहीं हुई, हम जन-जन तक स्मार्ट सिटी में गड़बड़ी के मुद्दे को लकेर जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा, 11 दिन के इस अनिश्चितकालीन धरने से प्रदेश सरकार हिल गई है। इस आंदोलन का असर पूरे प्रदेश में होगा। हम जनता से जुड़े हर मुद्दे पर पूरी ताकत से लोगों के बीच जाएंगे। जनता से किए एक-एक वादे का जवाब इस सरकार को देना होगा। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, राजेश मूणत और भाजपा शहर जिला द्वारा आहूत धरने ने दिशाहीन सरकार को जगाने का काम किया है। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा, केंद्र सरकार से 1 हजार करोड़ रायपुर स्मार्ट सिटी को मिले, लेकिन काम कहीं नजर नहीं आता। स्मार्ट सिटी के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है।

मूणत की इज्जत बचाने खत्म करवाया धरना : धनजंय ठाकुर

कांग्रेस प्रवक्ता धनजंय सिंह ठाकुर ने पूर्व मंत्री व भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत के नेतृत्व में चौपाटी के विरोध में दिए जा रहे धरना को स्थगित किए जाने पर तंज कसते हुए कहा, राजेश मूणत की इज्जत बचाने रमनसिंह ने चाैपाटी का जूस पिलाकर धरना खत्म करवाया है। झूठ प्रपोगंडा रचित अनिश्चतकालीन धरना को जन समर्थन नहीं मिला, इसलिए मूणत को अपनी इज्जत बचाने के लिए अपने ही नेताओं के हाथों जूस पीना पड़ा है। श्री ठाकुर ने कहा, प्रदेश भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, मूणत के अनिश्चितकालीन धरना से पहले भी कई आंदोलन फेल हुए। खेत सत्याग्रह, भात पर बात और रोजगार आंदोलन का यही हश्र हुआ था।

Tags: