जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ : तीन से चार नक्सली घायल, सर्च ऑपरेशन जारी...

जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें तीन से चार नक्सलियों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है...पढ़े पूरी खबर;

Update: 2023-06-03 05:42 GMT

रफीक खान/कोंटा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के रेगड़गट्टा इलाके में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें तीन से चार नक्सलियों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। इस बात की सूचना सुकमा के एसपी किरण चव्हाण ने दी है। जब यह मुठभेड़ शुरू हुई तो घायल नक्सलियों के साथी जंगल की ओर लेकर भाग निकले।

दरअसल, नक्सली कमांडर मंगडू वेट्टी और भीमा के होने की सूचना जवानों को मिली थी। इसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। अब भी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। जवानों के जवाबी कार्रवाई ने नक्सलियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। यह घटना एर्राबोर थाना क्षेत्र अंतर्गत मराईगुड़ा रेगड़गट्टा गांव की है।

तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

वहीं जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन पूना नर्काेम अभियान और छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर प्रतिबंधित नक्सली संगठन में सक्रिय रहे तीन नक्सली सदस्यों ने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली जनमिलिशिया सदस्य के रूप में सक्रिय थे। नक्सलियों ने बिना हथियार के सरेंडर किया है। सरेंडर नक्सलियों को राज्य शासन के पुनर्वास नीति के तहत सहायता राशि और अन्य सुविधाएं दी जाएगी। आत्मसमर्पित नक्सलियों के नाम परस्की हिड़मा, पोड़ियाम सोमा और वेट्टी सुक्का है। ये तीनों कोंटा क्षेत्र में सक्रिय थे। इन माओवादियों ने नक्सल ऑपरेशन कार्यालय सुकमा में स्वेच्छा से आत्मसमर्पण किया है। 

Tags:    

Similar News