खेल के जरिए दिल मिलाने की क़वायद : 9 फरवरी को फ़ाइनल क्रिकेट प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ी मैदान पर दिखाएंगे अपना टेलेंट...
पुलिस एवं जिला प्रशासन के तत्वाधान में ‘‘सद्भावना कप’’ क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जिला मुख्यालय में सोमवार से किया जा रहा है। 9 फरवरी तक प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा .. पढ़िए पूरी खबर...;
मोहम्मद इमरान खान-नारायणपुर। एंटी नक्सल ऑपरेशन के साथ-साथ खेल के जरिए दिल मिलाने की कवायद नारायणपुर पुलिस कर रही हैं। देश के लिए खतरा बने माओवादियों के साथ जारी जंग के साथ खेल में भी दो-दो हाथ कर घोर नक्सलगढ़ के युवाओं की प्रतिभाओं को तराशने का अभिनव प्रयास नव पदस्थ पुलिस कप्तान पुष्कर शर्मा की अगुवाई में किया जा रहा हैं। अबूझमाड़ के युवाओं के साथ अंदरूनी इलाकों के युवा खिलाड़ी मंच मिलते अपना टेलेंट दिखा रहे हैं। गांव के मैदान से निकलकर जिला मुख्यालय की पिच में बल्लेबाजी का जौहर दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, नारायणपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन के तत्वाधान में ‘‘सद्भावना कप’’ क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जिला मुख्यालय में सोमवार से किया जा रहा है। 9 फरवरी तक प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिता में नॉक आउट क्वार्टर फाइनल का आयोजन थाना सोनपुर एवं थाना एड़का के विजेता टीम के मध्य आयोजित कर शुभारंभ किया गया। उक्त प्रतियोगिता में अबुझमाड़ क्षेत्र अन्तर्गत थाना ओरछा, कोहकामेटा एवं सोनपुर क्षेत्र के टीम भी शामिल हुए हैं।
इनकी रही उपस्थित
27 जनवरी से 5 फरवरी तक थाना स्तर पर लीग मैंच का आयोजन किया गया था। इसमे जिले से 149 टीम ने भाग लिया था। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपस में जोड़कर टीम भावना विकसित कर जिले में सद्भाव का माहौल बनाया जाना है। शुभारंभ कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रमोद नेलवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक उन्नति ठाकुर, मोनिका मरावी , डिप्टी कलेक्टर आशीष बघेल रक्षित निरीक्षक दीपक साव पुलिस के अधिकारी एवं जिले के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।