किसान आंदोलन : 'आप' ने कहा- किसानों को गिरफ्तार करना सरकार का किसान विरोधी चेहरा
166 दिनों से किसानों का आंदोलन चल रहा है। आंदोलन में लगे किसानों के तंबू को प्रशासन की ओर से उखाड़ दिए जाने पर किसानों में भारी आक्रोश है। आक्रोशित आंदोलनकारियों ने इसके विरोध में NRDA भवन का घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने कई किसानों को गिरफ्तार कर लिया। पढ़िए पूरी खबर...;
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नया रायपुर में 166 दिनों से किसानों का आंदोलन चल रहा है। आंदोलन में लगे किसानों के तंबू को प्रशासन की ओर से उखाड़ दिए जाने पर किसानों में भारी आक्रोश है। आक्रोशित आंदोलनकारियों ने इसके विरोध में NRDA भवन का घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने कई किसानों को गिरफ्तार कर लिया। किसानों की गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। आप ने इसे सरकार का किसान विरोधी चेहरा बताया है।
आप के प्रदेश सचिव उत्तम जायसवाल ने तंबू तोड़ने के मामले को लेकर प्रशासन की निन्दा की है। जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार का किसान विरोधी चेहरा बार-बार उजागर हो रहा है। किसान के लिए भूपेश सरकार का रवैया बहुत ही क्रूर और अपमानजनक है। किसान के बार-बार आग्रह के बाद भी उनकी सुध लेना तो दूर समय-समय पर उनको सिर्फ प्रताड़ित किया जा रहा है।
सभी किसान विरोध में NRDA भवन में धरने पर बैठे
उत्तम जायसवाल ने कहा कि घटना के विरोध में सभी प्रभावित किसान NRDA भवन पहुँच गए हैं। यहाँ किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसके बाद लगभग 150 किसान NRDA भवन के अंदर ही धरने पर बैठ गए। वहीं बाकि किसानों को पुलिस ने बाहर ही रोक रखा था। उन्होंने बताया कि नई राजधानी प्रभावित किसानों के नेता रुपेन लाल चंद्राकर ने संदेश जारी करते हुए कहा कि "नई राजधानी प्रभावित किसानों की ओर से दोबारा धरना देने के लिए बनाए गए छायादार झोपड़ी को प्रशासन ने बिना किसी सूचना के फिर से तोड़ दिया गया है। इससे किसानों में भारी आक्रोश है। जायसवाल ने कहा कि आप पार्टी इन आक्रोशित किसान भाइयों के साथ है और उनके आंदोलन को पूरी तरह समर्थन करते हैं। पार्टी पूरी तरह हर संभव सहयोग करेगी और किसान भाइयों की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी रहेगी।