वनमंत्री अकबर बोले- हाथियों के करीब जाते हैं लोग, इसलिए हो रही घटनाएं…सेल्फी लेने वालों पर होगी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज राजधानी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा है कि हाथियों के हमले से बचाव के लिए वन विभाग तमाम प्रयास कर रहा है। हाथी मित्र बनाए गए हैं, जो लोगों को हाथियों के करीब जाने से रोकते हैं, लेकिन हाथी मित्र की बात ग्रामीण नहीं माने इसलिए बीते दिनों घटनाएं हुई हैं। पढ़िए पूरी खबर-;

Update: 2021-09-23 13:01 GMT

रायपुर। वन विभाग के अफसरों के साथ एक समीक्षा बैठक करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए छत्तीसगढ़ के वनमंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा है कि हाथियों के करीब जाकर सेल्फी लेने वालों पर अब कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा है कि अब वन्य प्राणी अधिनियम के कार्रवाई में कड़ाई बरती जाएगी, गिरफ्तारियां भी होंगी।

वनमंत्री अकबर ने कहा है कि हाथी-मानव द्वंद को रोकने एक्सपर्ट बुलाये जाएँगे। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश के वन क्षेत्रों में 14 हाथियों के दल में 266 हाथी विचरण कर रहे हैं। हाथी मित्र लोगों को अलर्ट कर रहे हैं। हाथी मित्र के मना करने बावजूद लोग हाथियों के करीब जा रहे हैं। बीते दिनों हुई घटनाओं में भी यही हुआ था, कि हाथी मित्र ने लोगों को पास जाने से रोका था, लेकिन वे नहीं माने।

मंत्री ने कहा कि 12 बेकाबू हाथियों को ट्रेंकुलाइज किया जायगा। ट्रेंकुलाइज किये जाने वाले हाथियों को चिन्हित किया गया है। वन मंत्री अकबर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हाथी या आमजनों की मृत्यु होने की स्थिति को सामान्य घटना ना माना जाए। वन मंत्री अकबर ने आज वन विभाग की समीक्षा बैठक ली, जिसके बाद वे पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

Tags:    

Similar News