भाजपा ने कहा जवाब देने से बच रही सरकार, आरक्षण के मामले में ढोंग कर रही है कांग्रेस

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देव लाल ठाकुर ने कहा, कांग्रेस का रवैया निराशाजनक है, वह केवल प्रपंच कर रही है। राजभवन द्वारा पूछे गए 10 प्रश्नों के जवाब कांग्रेस सरकार ने नहीं दिए हैं।;

Update: 2022-12-28 02:22 GMT

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देव लाल ठाकुर ने कहा, कांग्रेस का रवैया निराशाजनक है, वह केवल प्रपंच कर रही है। राजभवन द्वारा पूछे गए 10 प्रश्नों के जवाब कांग्रेस सरकार ने नहीं दिए हैं। मुख्यमंत्री तक इस मामले में झूठ बोल रहे हैं कि सवालों के जवाब दे दिए गए हैं, इससे साफ है कि कांग्रेस सरकार कुछ छिपा रही है। उन्होंने कहा, आरक्षण के मामले में कांग्रेस सरकार ना उच्च न्यायालय में पक्ष रख पाई, ना उच्चतम न्यायालय में और अब वह राजभवन को भी सामान्य से 10 सवालों के जवाब नहीं दे रही है। इससे यह स्पष्ट है कि दाल में कुछ काला है। पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा, भाजपा राजभवन के संवैधानिक अधिकारों पर अप्रत्यक्ष रूप से अतिक्रमण कर रही है। भाजपा राजभवन को अपना राजनीतिक अखाड़ा बनाकर राजनीति कर रही है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा, राजभवन ने कह दिया कि 10 सवालों के जवाब से आरक्षण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। जवाब देने के बजाय कांग्रेस राजनीति कर रही है। आरक्षण लागू करवाने के लिए जो करना है, वह नहीं करेंगे और जानबूझकर आरक्षण लटका कर उसका आरोप अन्य लोगों के मत्थे मढ़ने का यह प्रयास कांग्रेस कर रही है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस आरक्षण विरोधी है। कांग्रेस सरकार को आरक्षण के मामले में झूठ बोलने पर प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। बार-बार इस मामले पर भ्रमित करने वाली कांग्रेस सरकार से अब आरक्षण के मामले में कोई अपेक्षा करना बेमानी है।

भाजपा आरक्षण के अधिकार को रोक रही- ठाकुर

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा, भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर को राजभवन जाकर सरकार द्वारा भेजे गए 10 सवालों का जवाब पढ़ लेना चाहिए। विधेयक के मामले में राजभवन के सवालों का जवाब देना आवश्यक नहीं है। फिर भी सरकार ने राज्यपाल के सम्मान में जवाब दिया है। क्या उन्हें नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल पर भरोसा नहीं है? ऐसा लगता है कि 76 प्रतिशत आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा संगठन और विधायक दल में मतभेद है। आरक्षण के पक्ष में सदन में जो बातें रखी गईं, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने उसका समर्थन किया। भाजपा किस प्रकार से उन वर्गों के आरक्षण के कानूनी अधिकार को रोकने का षड्यंत्र कर रही है।

Tags:    

Similar News