ATR में शिकार: परसवारा के जंगल में करंट लगने से बाइसन की मौत, शिकारियों ने जंगल में बिछाई थी बिजली की तार

इस मामले में वन विभाग के मैदानी अमले की निष्क्रियता सामने आई है। अब शिकारियों की तलाश के लिए एटीआर के सर्च डॉग की मदद ली जा रही है। इसके बाद भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। पढ़िए पूरी खबर…;

Update: 2023-03-10 13:47 GMT

बिलासपुर। अचानकमार टाइगर रिजर्व एरिया के जंगल में बाइसन की लाश मिलने से विभागीय अधिकारी सकते में आ गए हैं। माना जा रहा है कि शिकारियों ने जंगल में करंट का फंदा लगाया था। अचानकमार टाइगर रिजर्व एरिया के लोरमी क्षेत्र के परसवारा के जंगल में बीट क्रमांक 1535 में शिकारियों के लगाए गए फंदे में बाइसन फंस गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। अब वन विभाग की टीम शिकारियों की तलाश कर रही है।

वन विभाग के मैदानी अमले की निष्क्रियता

आमतौर पर होली पर्व में वन्य प्राणियों के शिकार होने की आशंका रहती है। लिहाजा, वन विभाग के अफसरों ने किसी भी अधिकारी और कर्मचारियों को होली पर्व पर मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश दिया था। इस दौरान उन्हें होली के दिन जंगल में सघन सर्चिंग करने के भी निर्देश दिए गए थे। वन विभाग की इस सख्ती के बाद भी जिस तरह से लापरवाही बरती गई है इससे वन विभाग के मैदानी अमले की निष्क्रियता सामने आई है। जंगल में बाइसन का शव मिलने के बाद विभाग के अधिकारियों व टीम ने जांच शुरू कर दी है।

बिजली खंभे से तार खींचकर करंट का फंदा

इस घटना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने आसपास सर्चिंग की, तब पता चला कि बिजली खंभे से तार खींचा गया था और करंट का फंदा लगाया था। मामला सामने आने के बाद अब शिकारियों की तलाश के लिए एटीआर के सर्च डॉग की मदद ली जा रही है। इसके बाद भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। होली पर्व के दौरान विशेष निगरानी के निर्देश के बाद भी इस तरह की घटना होना और शिकारियों के आने की भनक तक नहीं लगना। विभाग की लापरवाही को उजागर कर रहा है। 

Delete Edit


Tags:    

Similar News