निगम की लिस्ट में करोड़पति भी गरीब : मचा बवाल तो महापौर ने माना... हां, हुई है सूची में गड़बड़ी... जांच होगी, ऐसा करने वालों पर कार्रवाई होगी
सूची में कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता और करोड़पति कांग्रेसियों का नाम दर्ज है। इस सूची को लेकर न ही भाजपा पार्षदों को कोई जानकारी दी गई और ना ही एमआईसी की बैठक में इस सूची पर विचार किया गया। बल्कि सीधा इसे सामान्य सभा में लाकर अंतिम निर्णय लेने की कोशिश सत्ता पक्ष के द्वारा की जा रही थी। फिर क्या हुआ... पढ़िए...;
जगदलपुर। बस्तर के जिला मुख्यालय जगदलपुर नगर निगम में शुक्रवार को सामान्य सभा की बैठक हुई। इस बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का सर्वे कर बनाई गई सूची को लेकर जमकर बवाल हुआ। दरअसल निगम के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के सभी पार्षदों ने सत्ता पक्ष पर आरोप लगाया कि निगम ने जो सूची बनाई है, उस सूची में कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता और करोड़पति कांग्रेसियों का नाम दर्ज है। इस सूची को लेकर न ही भाजपा पार्षदों को कोई जानकारी दी गई और ना ही एमआईसी की बैठक में इस सूची पर विचार किया गया। बल्कि सीधा इसे सामान्य सभा में लाकर अंतिम निर्णय लेने की कोशिश सत्ता पक्ष के द्वारा की जा रही थी। नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे ने इस सूची में पूरी तरह से धांधली करने का आरोप लगाते हुए इस लिस्ट को निरस्त करने की मांग सामान्य सभा में की। वहीं खुद निगम की महापौर ने भी माना है कि लिस्ट में कुछ बड़े कांग्रेसी नेताओं के नाम हैं और यह नाम कैसे जोड़े गए इसकी जानकारी उनको भी नहीं है। महापौर ने कहा कि सूची में बदलाव किया जाएगा और फिर से सर्वे कर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की है सूची तैयार की जाएगी। इधर नेता प्रतिपक्ष के साथ-साथ बीजेपी पार्षदों ने सत्ता पक्ष पर अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए जानबूझकर सूची में कांग्रेसी नेता और सभापति लोगों को शामिल करने का आरोप लगाया है। वहीं महापौर सफिरा साहू ने सूची तैयार करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर जांच करने के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।