इंदिरा बीज' ब्रांड का लोकार्पण : सीएम ने किसानों को जैविक खाद उपयोग करने की दिलाई शपथ
एक महिला कृषक ने मुख्यमंत्री को अलसी से बनी जैकेट भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कृषकों को खेती में जैविक खाद का उपयोग करने की शपथ भी दिलाई। पढ़िए पूरी खबर ...;
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कृषि विवि में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 'इंदिरा बीज' ब्रांड का लोकार्पण किया। इस बीज को इंदिरा गांधी कृषि विवि ने विकसित किया है। मुख्यमंत्री ने कृषि शोध पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषकों को बीज और अन्य कृषक सामग्री भी वितरित की। इसी दौरान एक महिला कृषक ने मुख्यमंत्री को अलसी से बनी जैकेट भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कृषकों को खेती में जैविक खाद का उपयोग करने की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कृषकों को संबोधित करते हुए पूरे प्रदेशवासियों को अक्ति तिहार और भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दी। सीएम ने कहा कि, भगवान परशुराम ने कृषि के क्षेत्र में कई शोध किए। भगवान परशुराम ने ही अक्षय पात्र का निर्माण किया था। सीएम ने कहा कि, भगवान परशुराम का फरसा युद्ध के साथ खेत में भी उपयोगी है, कोई अन्य औजार का ऐसा उपयोग नहीं है।
प्रकृति से हम जितना लेते हैं उतना वापस करना चाहिए
सीएम ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि, किसान धरती माता की पूजा करते हैं और बीज छिड़कते हैं। कोंकड़ से मालाबार तक भगवान परशुराम के कई मंदिर हैं। कृषि के क्षेत्र में भगवान परशुराम का बहुत योगदान है। सीएम ने कहा कि, जैसे हम स्वास्थ्य की चिंता करते हैं वैसे ही धरती माता की भी चिंता करनी चाहिए। मिट्टी में रासायनिक खाद का उपयोग ना कर जैविक खेती की तरफ बढ़ना चाहिए। वेदों में भी कहा गया है कि, प्रकृति से हम जितना लेते हैं उतना वापस करना चाहिए।