जूडा 1 अगस्त से हड़ताल पर : सरकार पर लगा रहे वादाखिलाफी का आरोप, घोषणा के बावजूद नहीं बढ़ी मानदेय की राशि
मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। दरअसल, राज्य सरकार ने घोषणा पत्र में स्टाइपेंड बढ़ाए जाने की बात की थी। लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया।...पढ़े पूरी खबर;
जीवानंद हलधर/जगदलपुर- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक बार फिर मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। दरअसल, राज्य सरकार ने घोषणा पत्र में स्टाइपेंड बढ़ाए जाने की बात की थी। लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। इसलिए प्रदेश सरकार से नाराज डॉक्टर्स हड़ताल पर जाने वाले है।
काली पट्टी बांधकर करेंगे प्रदर्शन
आपको बता दें, मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर हाथों में काली पट्टी बांधकर 1 अगस्त तक विरोध प्रदर्शन करेंगे। जिस तरह से रायपुर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स हड़ताल पर गए थे। उसी तरह 1 अगस्त से जगदलपुर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर भी हड़ताल पर चले जाएंगे। फिलहाल रायपुर मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर हड़ताल की जाएगी। मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में सेवाएं दे रहे डॉक्टर पिछले लंबे समय से इसी मांग को लेकर कई बार आंदोलन कर चुके हैं। लेकिन सरकार ने इनकी मांगों को अबतक पूरा नहीं किया। हर बार इन्हें आश्वासन दे दिया जाता है। लेकिन लगता है लड़ाई अभी लंबी है।
राजधानी में कब किया था प्रदर्शन ?
करीब 6 महीने पहले अंबेडकर अस्पताल के जूनियर डॉक्टर्स ने काम बंद कर दिया था डॉक्टर्स ने पहले ही हड़ताल का एलान कर दिया था। इन चिकित्सकों के साथ पूरे प्रदेश के जूनियर डॉक्टर्स ने काम बंद कर दिया था रायपुर के अलावा सरगुजा, कांकेर, जगदलपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव के सरकारी मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर्स ने हड़ताल कर दी थी। प्रदेश में जूनियर डॉक्टर्स की संख्या 3 हजार है। ये सभी प्रदेश अलग-अलग जिलों में सरकारी कॉलेज में चिकित्सक पढ़ते हैं। इसके साथ ये लोगों का इलाज भी करते हैं। फिर भी इनका स्टाइपेंड कम है। जिसकी वजह से एक बार फिर जगदलपुर में धरना प्रदर्शन कर वाले है।