New CM of Chhattisgarh: जानिए छत्तीसढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव के बारे में सब कुछ.. गांव में पले-बढ़े, पंच पद से हुई राजनीतिक सफर की शुरुआत

छठवीं से 11 वीं तक कुनकुरी के लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल में 1981 तक पढ़ाई की। इसके बाद चार भाइयों में सबसे बड़े विष्णुदेव ने पारिवारिक कारणों से आगे की पढ़ाई छोड़ दी और घर में पिताजी के साथ खेती किसानी करने लगे। पढ़िए पूरी खबर...;

Update: 2023-12-10 11:18 GMT

जीतेंद्र सोनी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के सुदूर उत्तर पूर्व में बसे जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा से नवनिर्वाचित विधायक विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री बन गए हैं। जिले की ग्राम पंचायत बगिया गांव में पले बढ़े विष्णुदेव साय का जन्म 21 फरवरी 1964 को हुआ। उनके पिता का नाम रामप्रसाद साय और माता का नाम जसमनी देवी है।

गांव के स्कूल में प्रारम्भिक शिक्षा

छततीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की शिक्षा की बात करें तो उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के बगिया प्राथमिक स्कूल से हुई। आगे की पढ़ाई छठवीं से 11 वीं तक कुनकुरी के लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल में 1981 तक पढ़ाई की। इसके बाद चार भाइयों में सबसे बड़े विष्णुदेव ने पारिवारिक कारणों से आगे की पढ़ाई छोड़ दी और घर में पिताजी के साथ खेती किसानी करने लगे।

पंच पद से सियासी सफर की शुरुआत

उस समय गांव में पढ़े लिखे होने के कारण 1989 उन्होंने अपनी राजनीति के कैरियर की शुरुआत की। 1989 में पहली बार वे ग्राम पंचायत में वार्ड पंच बने, फिर 1990 में बगिया पंचायत के निर्विरोध सरपँच निर्वाचित हुए। सरपँच बनते ही इन्हें तपकरा विधानसभा सीट से 1990 से 1998 तक भाजपा प्रत्याशी बनाया गया और पहली बार 26 साल की उम्र में तत्कालीन मध्यप्रदेश की विधानसभा में विधायक बन गए।

1999 से लेकर 2014 तक रहे सांसद

27 मई 1999 में सांसद निर्वाचित होकर 2014 तक सांसद रहे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कैबिनेट में उन्हें 2014 से 2019 तक केन्द्रीय राज्यमंत्री के रूप में इस्पात-खनन एवं श्रम रोजगार विभाग मंत्रालय में मंत्री रहे। 2020 से 2022 तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रहे। वहीं 2022 से विशेष आमंत्रित राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य के रूप में रहे। 2023 के विधानसभा चुनाव में कुनकुरी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज को 25 हजार 787 मतों से पराजित कर पुनः विधायक बने।

क्या कर रहे हैं उनके बच्चे

विष्णुदेव साय की दो बेटियां हैं। पहली बेटी निवृति साय की शादी धमतरी जिले के फसरपानी में हुई है। वहीं दूसरी पुत्री स्मृति साय पीएससी की तैयारी रायपुर में रह कर कर रही हैं। इकलौता पुत्र तोसेन्द्र देव साय फिलहाल रायपुर में कॉलेज की पढ़ाई कर रहे हैं।

जसमिनी देवी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की माता


Tags: