राजमहल से 150 साल पुरानी मूर्तियां और बर्तन ले उड़े चोर, बक्से में रखा लाखों का सामान पार

कई दिनों से चल रहा चोरी का काम, प्राचीन समय की भारी भरकम 50 मूर्तियों और 100 से अधिक बर्तनों को एक दिन में चुरा पाना संभव नहीं। पढ़िए पूरी खबर-;

Update: 2021-01-21 11:35 GMT

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के ऐतिहासिक राजमहल में चोरी की बड़ी वारदात हुई है, चोरों ने राजमहल में गोदाम में रखे लगभग 150 साल पुराने देवी-देवताओं की मूर्तियों और बर्तनों की चोरी कर ली। चोरों द्वारा की गई मूर्तियों की कीमत लाखों में बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक चोर गोदाम के बक्से में रखी करीब 50 प्राचीन मूर्तियां और प्राचीन समय के करीब 100 बर्तन चोरी कर ले गए हैं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जिस तरह से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है, उससे साफ है कि यह काम बंद पड़े गोदाम में कई दिनों से चल रहा था। प्राचीन समय की भारी भरकम 50 मूर्तियों और 100 से अधिक बर्तनों को एक दिन में चुरा पाना संभव नज़र नहीं आता।

राजमहल के राजकुमार अश्वनी प्रताप सिंह ने बताया कि- गोदाम अक्सर बन्द ही रहता है, जब कुछ सामग्री निकालनी होती है तभी गोदाम खोला जाता है। बुधवार को जब गोदाम खोलने गए तब गोदाम अंदर से बंद मिला, जिससे किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर गए तो वहां का नज़ारा देखकर होश उड़ गए। बक्से में रखे सभी प्राचीन मूर्तियां और बर्तन गायब थे। चोरों ने गोदाम के खिड़की को तोड़कर सभी सामान चोरी किया है। बड़ी संख्या में प्राचीन मूर्तियों के चोरी होने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।

Tags: