लिव-इन पार्टनर की हत्या : शादीशुदा प्रेमी ने विधवा को चाकू से गोदकर मार डाला, निर्वस्त्र मिली महिला की लाश

दोनों के बीच काफी विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने महिला पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। पढ़िए पूरी खबर...;

Update: 2023-06-05 09:39 GMT

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक शादीशुदा प्रेमी ने अपने लिव-इन पार्टनर को चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका का नाम 40 वर्षीय सीमा धनगुल बताया जा रहा है। वह पांडे पारा इलाके में रहती थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका महिला सीमा धनगुल के पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और वह कृषि उपज मंडी में प्यून के पद पर कार्यरत थी। उसका एक बेटा भी है, जो संबलपुर में रहता है। कुछ साल पहले सीमा का कवर्धा के रहने वाले 53 वर्षीय गंगाधर टंडन से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। गंगाधर मंडी में निरीक्षक के रूप में काम करता था। इसके बाद से दोनों लिव-इन में रह रहे थे, जबकि गंगाधर पहले से शादीशुदा है। उसके बच्चे भी हैं, लेकिन बालोद में पोस्टिंग होने के कारण वो यहीं रह रहा था।

विवाद होने पर चाकू से किया कई वार

इस बीच 2 साल पहले उसकी पोस्टिंग कवर्धा कर दी गई थी। इसके बावजूद गंगाधर पिछले एक साल से काम पर नहीं जा रहा था और दोनों साथ में रहते थे। सब कुछ ठीक चल रहा था। इस बीच रविवार देर रात को दोनों के बीच काफी विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने महिला पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।

आरोपी से पूछताछ जारी

मकान मालिक ने लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनकर पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यहां पुलिस को खून से लथपथ महिला की लाश मिली है। शव निर्वस्त्र था। महिला की लाश के पास में खाना पड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके से तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अब तक मिली जानकारी के अनुसार विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है। मगर महिला निर्वस्त्र क्यों पड़ी थी और असल में दोनों के बीच में क्या हुआ था, यह पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। 

Delete Edit


Tags:    

Similar News