महेश गागड़ा बोले- कांग्रेसियों का नक्सलियों से सीधा संबंध, ठीक से काम नहीं कर रही CG पुलिस
महेश गागड़ा ने कहा कि कांग्रेसियों का नक्सलियों से सीधा संबंध है। बीजापुर के कांग्रेसियों ने भी इस संबंध में शिकायत की है। अब यह साबित हो गया है कि CG पुलिस ठीक से काम नहीं कर रही है। CG पुलिस का इंटेलिजेंस फेल है। पढ़िए पूरी खबर...;
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता महेश गागड़ा ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री सत्यम की गिरफ्तारी तेलंगाना पुलिस ने की है। सत्यम दिल्ली में कांग्रेस के बड़े आयोजनों में मुख्यमंत्री के साथ हिस्सा लेते रहे हैं। कांग्रेसियों का नक्सलियों से सीधा संबंध है। बीजापुर के कांग्रेसियों ने भी इस संबंध में शिकायत की है। अब यह साबित हो गया है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ठीक से काम नहीं कर रही है। छत्तीसगढ़ पुलिस का इंटेलिजेंस फेल है। बड़े नक्सली नेता अंदरूनी इलाके में बैठक और कार्यक्रम कर चले जाते हैं। हमारी मांग है कि मुख्यमंत्री इस मामले में अपना वक्तव्य दे और जांच की घोषणा करें।
महेश गागड़ा का दावा जांच का विषय : कांग्रेस
वहीं पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के आरोपों पर कांग्रेस ने जवाब दिया है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि महेश गागड़ा जो दावा कर रहे हैं, वह जांच का विषय है। पार्टी इस पर जांच करवा रही है। किसी व्यक्ति का अपराध राजनीति दल से जुड़े रहने से कम नहीं होता। कांग्रेस पार्टी इस तरह के कृत्य बर्दास्त नहीं करेगी। 15 सालों में भाजपा के नेता, पदाधिकारी नक्सल गतिविधियों में शामिल रहे। जांच में दोषी पाए जाने पर पार्टी की ओर से कड़ी कायवाही की जाएगी।