मिशन 2023 : भानुप्रतापपुर पहुंचे आप के प्रदेश प्रभारी, बोले- कांग्रेस विज्ञापन, पोस्टर और होर्डिंग की सरकार, भाजपा और कांग्रेस दोनों से बेहद खफा है जनता

संजीव झा ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। श्री झा ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार वादे, विज्ञापन, पोस्टर, होर्डिंग की सरकार है। केवल प्रचार में सरकार के कामकाज चल रहे हैं। और क्या कहा पढ़िए परी खबर...;

Update: 2023-01-21 07:51 GMT

फिरोज खान/भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ में 2023 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई है। आम आदमी पार्टी भी चुनावी तैयारियों में जुटी है। इसी कड़ी में आप के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली विधायक संजीव झा शुक्रवार को भानुप्रतापपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। श्री झा ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार वादे, विज्ञापन, पोस्टर, होर्डिंग की सरकार है। केवल प्रचार में सरकार के कामकाज चल रहे हैं। वरना पूरे प्रदेश में कहीं भी नहीं देखा है, जब गोबर बेच के लोग करोड़पति हो जा रहे हैं। प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार दावा करती है कि यहां के लोग गोबर बेचकर बहुत ज्यादा धन लाभ अर्जित कर रहे हैं, जबकि मैंने पूरे प्रदेश का दौरा किया है, ऐसी कोई स्थिति नहीं है। भूपेश बघेल सरकार हर मामलों में फेल है और छत्तीसगढ़ में हमने आकलन किया है कि यहां की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों से बेहद ज्यादा खफा है और परिवर्तन की राह देख रही है। यहां के लोग आम आदमी पार्टी को मजबूत विकल्प की तरह देख रहे हैं और निश्चित ही अगले विधानसभा चुनाव में आप पार्टी अपनी पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी और सरकार बनाने की स्थिति में रहेगी।

आम आदमी पार्टी किसी की भी टीम में नहीं

प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने कहा कि भाजपा के 15 साल की असफल सरकार के बाद जब भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार को मौका मिला तो उन्होंने भी यह मौका गवा दिया। सरकार जनहित के कामों को छोड़कर केवल प्रचार-प्रसार में लगे रहे। इसी का नतीजा है कि प्रदेश की जनता आज दोनों पार्टियों से बेहद नाराज है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में अपनी सरकार बनाई और शिक्षा, स्वास्थ्य सहित जनहित के कामों में अपना पूरा ध्यान दिया। उसी का नतीजा है कि आज लोग दिल्ली सरकार को एक मॉडल सरकार के रूप में जानते हैं। दिल्ली का यही मॉडल हम पूरे देश में लागू करना चाहते हैं। इसलिए हर प्रदेश में अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। संजीव झा ने भाजपा की बी टीम होने का आरोप लगाने के सवाल पर कहा कि सभी प्रमुख पार्टियां यह कहती हैं कि आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम है या कांग्रेस की बी टीम में, लेकिन मैं आप सभी को बता देना चाहता हूं कि आप किसी की भी टीम में नहीं है और केवल विकास के कार्य करने पर ही ध्यान देती है। देखिए वीडियो-

कार्यकर्ताओं ने किया संजीव झा का स्वागत

बता दें कि इसके पहले प्रदेश प्रभारी संजीव झा का आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भानुप्रतापपुर नगर के मुख्य चौक में जमकर स्वागत किया। यहां पर बड़ी संख्या में आप के कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने भारी आतिशबाजी और फूल माला के साथ विधायक व प्रदश प्रभारी का भव्य स्वागत किया। इसके बाद एक रैली की शक्ल में स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में यह जत्था पहुंचा, जहां उन्होंने मीडिया को संबोधित किया।इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी, नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हरेश चक्रधरी, वरिष्ठ परवेज खान, संत सलाम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। देखिए वीडियो-


Tags:    

Similar News