सांसद सोनी का पलटवार : बोले- उन्हें भी सुरक्षा बढ़ानी है तो डा. रमन की तरह बस्तर में शांति के लिए कुछ काम करें

पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की सुरक्षा को लेकर उठाए गए सवालों पर रायपुर सांसद सुनील सोनी ने पलटवार किया है। श्री सोनी ने कहा कि, डा. रमन सिंह ने नक्सलियों के खिलाफ कड़ी लड़ाई लड़ी है। बस्तर को शांत करने का यदि कुछ काम भूपेश बघेल भी करेंगे तो अपने आप ही उनकी सुरक्षा भी बढ़ जाएगी। उन्होंने और क्या कहा... पढ़िए...;

Update: 2023-06-06 09:47 GMT

स्वप्निल गौरखेड़े-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की सुरक्षा को लेकर उठाए गए सवालों पर रायपुर सांसद सुनील सोनी ने पलटवार किया है। श्री सोनी ने कहा है कि, किस नेता को कितनी सुरक्षा देनी है, यह केंद्र सरकार तय करती है। श्री सोनी ने कहा कि, डा. रमन सिंह 15 साल तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ कड़ी लड़ाई लड़ी है। बस्तर को शांत करने का यदि कुछ काम भूपेश बघेल भी करेंगे तो अपने आप ही उनकी सुरक्षा भी बढ़ जाएगी।

उल्लेखनीय है कि आज कोंडागांव रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम बघेल ने कहा था कि, डा. रमन सिंह कमांडोज से घिर गए हैं, जिसके चलते वे जनता और अपने कार्यकर्ताओं से भी दूर हो गए हैं। इसी पर पलटवार करते हुए रायपुर सांसद श्री सोनी ने कहा कि, सुरक्षा पर प्रश्न चिन्ह लगाने को मैं बेइमानी मानता हूं। उन्होंने कहा कि, रमन सिंह कार्यकर्ताओं के साथ में हैं। दौरा भी कर रहे हैं, इसलिए ये कहना सही नहीं है कि, वे कार्यकर्ताओं से दूर हो गए हैं।

डिजिटल सर्वे : केंद्र की योजनाओं से आम आदमी का जीवन बदल रहा

केंद्र के डिजिटल सर्वे पर सांसद सुनील सोनी ने कहा कि, केंद्र सरकार की 210 योजनाएं हैं। जिनसे आम आदमी का जीवन बदला है। प्रधानमंत्री आवास में राज्य सरकार ने अपना अंश नहीं दिया। साढ़े 4 साल में एक भी मकान नहीं बन सका। जल जीवन मिशन का काम ठप है। डाटा सरकार अपने जेब में रखती है। 2011 में मनमोहन सरकार के समय सर्वे हुआ, उनका मकान नहीं बनवा पाए, ये अपने आप में प्रमाणित है।

माथुर के बस्तर दौरे का असर दिखा

सीएम के ओम माथुर पर दिए बयान पर श्री सोनी ने कहा कि, ओम माथुर बस्तर के सारे इलाकों में गए, उसका परिणाम भी दिख रहा है। आदिवासी क्षेत्रों के लोग बीजेपी में आ रहे हैं। बस्तर को लेकर सीएम घबरा रहे हैं। श्री सोनी ने कहा कि, साफ दिखाई दे रहा है कि, बस्तर की सभी 12 सीटें कांग्रेस के हाथ से खिसकने वाली हैं।

हार की खीझ झलक रही है

बीजेपी के राष्ट्रीय नेताओं के दौरे को लेकर सीएम के बयान पर श्री सोनी ने कहा कि, बीजेपी का राष्ट्रीय नेता परिश्रम करता है। एसी में बैठकर समय व्यतीत नहीं करता। उनहोंने कहा कि, बीजेपी कैडर बेस्ड पार्टी है। चुनाव है तो राष्ट्रीय नेता आयेंगे, मेहनत करेंगे। राष्ट्रीय नेताओं के आने से तिलमिलाने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस नेताओं के इस तरह के बयान हार की खीज है।

Tags:    

Similar News