VIDEO: पंचायत सचिव ने घोट दिया पत्नी का गला, फिर खुद भी फंदे पर झूल गया...
डोंगरगढ़ में पंचायत सचिव ने अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी और खुद भी पंखे से लटककर फांसी लगा ली। दोनों के शव मंगलवार सुबह उनके कमरे में मिले। पंचायत सचिव ने किन वरिस्थितियों में इतना भयानक कदम उठाया, उन कारणों को पुलिस तलाश रही है। क्या है पूरा मामला पढ़िये विस्तार से...;
डोंगरगढ़। राजनंदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पंचायत सचिव ने अपनी पत्नी का गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों के शव मंगलवार सुबह उनके कमरे में मिले। परिजन इसके लिए अक्सर आने वाले फोन कॉल को लेकर आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे कुछ बता सकेगी। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है।
ग्राम सेंदरी निवासी 40 वर्षीय अरुण चंद्रवंशी कोटनापानी का पंचायत सचिव था। रोज की तरह सोमवार को भी पंचायत ड्यूटी पर गया था। वहां से वैक्सीन लगवाने के बाद दोपहर को घर लौट आया। रात को खाना खाने के बाद सब अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। सुबह जब काफी देर तक पंचायत सचिव बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने आवाज लगाई। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया।
पलंग पर पड़ा था महिला का शव
कमरे में अरुण का शव रस्सी से पंखे से लटका हुआ था। जबकि उसकी पत्नी सूरज बाई चंद्रवंशी का शव पलंग पर पड़ा था। इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। आसपास जानकारी लगने पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि कपड़े से सूरज बाई का गला घोंटा गया था। उसके गले में निशान भी मिले हैं। दंपती के दो बच्चे हैं। छोटे भाई युवराज ने बताया कि अरुण अक्सर रविवार को आने वाले फोन कॉल से परेशान रहता था। कॉल किसका आता था, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है। पुलिस को यह भी जानकारी लगी है कि अरुण का किसी के साथ रुपयों का लेनदेन था। इसके चलते वह अक्सर परेशान रहता था। हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। देखिये वीडियो-