जनता सरकार से नाराज : अरुण साव बोले- साढ़े चार साल में जनता को बताने के लिए कांग्रेस के पास कोई उपलब्धि नहीं
छत्तीसगढ़ में साढ़े 4 सालों में राज्य की कांग्रेस सरकार ने कुछ भी नहीं किया। एक भी उपलब्धि सरकार की नहीं है, हर वर्ग को ठगने का काम, धोखा देने का काम सरकार ने किया है। श्री साव ने कहा कि, छत्तीसगढ़ को शर्मसार करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। प्रदेश भाजपाध्यक्ष ने और क्या कहा- पढ़िए...;
स्वप्निल गौरखेड़े- रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने टिफिन पॉलिटिक्स पर कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा है कि, हर राजनीतिक दल को अपने कार्यक्रम करने का अधिकार है। कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर भोजन करना और आपस में चर्चा करना हमारे इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। जब एक साथ भोजन करते हैं तो आपस में बातचीत होती है, उसका बड़ा महत्व होता है। श्री साव ने कहा कि, इस कार्यक्रम की सफलता से कांग्रेस के पेट में दर्द होना स्वभाविक है। उन्होंने कहा कि, आज छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस से नाराज है। राम के नाम पर सियासत करने के कांग्रेस के आरोपों पर श्री साव ने कहा कि, भगवान राम कभी हमारे लिए चुनावी मुद्दा नहीं रहे। भगवान राम हमारे श्रद्धा और आस्था का विषय हैं। श्री साव ने कहा कि, चुनाव के मुद्दे अलग होते हैं, चुनाव की दृष्टि से छत्तीसगढ़ में बहुत सारे मुद्दे हैं।
राज्य सरकार की उपेक्षा के चलते बिलासपुर हवाई सेवा से वंचित
वहीं सीएम भूपेश ने उड़ान 5 योजना में बिलासपुर का नाम शामिल नहीं होने पर श्री साव को धरना देने की सीख दी है। इस पर पलटवार करते हुए श्री साव ने कहा कि, मुझे जहां बात रखनी है वहां मैं बहुत मजबूती के साथ बात रखूंगा। बिलासपुर एयरपोर्ट राज्य सरकार का एयरपोर्ट है। राज्य सरकार एयरपोर्ट को उपेक्षित करके रखी है। बिलासपुर एयरपोर्ट में जो सुविधाएं होनी चाहिए, सरकार वे सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रही है। एयरलाइंस कंपनियों को जो रियायत देनी चाहिए वह नहीं दी जा रही है। अभी अलायंस एयर सेवा का संचालन कर रही है, वह भारत सरकार की है। श्री साव ने कहा कि, राज्य सरकार की उपेक्षा के कारण बिलासपुर में हवाई सेवा का विस्तार नहीं हो पा रहा है। इसकी दोषी भूपेश बघेल सरकार है।
विफलता छुपाने अनर्गल मुद्दे उठाती है कांग्रेस
मुख्यमंत्री के "गोडसे के नारे लगाने वाले" बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा- अलग– अलग मुद्दों के साथ कांग्रेस राज्य की जनता से अपनी विफलता छिपाने का प्रयास कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में घोटाले दर घोटाले हुए हैं, सभी योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं। प्रदेश में विकास के काम ठप हैं। इससे ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस ऐसे मुद्दे लेकर आती है।
कांग्रेस सरकार एक भी उपलब्धि नहीं गिना सकती
उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में साढ़े 4 सालों में राज्य की कांग्रेस सरकार ने कुछ भी नहीं किया। एक भी उपलब्धि सरकार की नहीं है, हर वर्ग को ठगने का काम, धोखा देने का काम सरकार ने किया है। श्री साव ने कहा कि, छत्तीसगढ़ को शर्मसार करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। प्रदेश में घोटाले दर घोटाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में भाजपा के पास मुद्दों की कमी नहीं है।
कांग्रेस का संभागीय सम्मेलन दिखावा
कांग्रेस के सम्मेलन में मोहन मरकाम की जय के नारे लगने पर श्री साव ने कहा- कांग्रेस में झगड़े हैं और इसका खामियाजा प्रदेश की जनता भोग रही है। यह केवल दिखावा है, कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन से उनको कोई फायदा नहीं होने वाला है। कांग्रेस कार्यकर्ता भी इनसे नाराज़ हैं। इन सम्मेलनों से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ेगा, हर तरफ भ्रष्टाचार है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को जवाब नहीं दे पा रहे हैं।