धान खरीदी पर सियासी घमासान : साव ने अकबर को दी आंकड़े सार्वजनिक करने की चुनौती, सीएम बोले- झूठ बोलती है भाजपा
धान खरीदी को लेकर राजनीतिक घमासान जारी है। इस मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर को चुनौती देते हुए कहा कि, प्रेस वार्ता लें और बताएं चावल खरीद कर केंद्र ने राज्य सरकार को कितनी राशि दी है और क्या कुछ कहा...पढ़िए पूरी खबर;
रायपुर- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर राजनीतिक घमासान जारी है। इस मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर को चुनौती देते हुए कहा कि, प्रेस वार्ता लें और बताएं चावल खरीद कर केंद्र ने राज्य सरकार को कितनी राशि दी है। क्योंकि राज्य सरकार अपनी बात पर नहीं टिकती, प्रेस वार्ता में कुछ और विधानसभा में कुछ और बात कहती, इतना ही नहीं जनता के सामने अपनी बात को पलट देती है। इसलिए मोहम्मद अकबर बताए की सरकार धान की खरीदी को लेकर कितनी राशि देती है। क्या सरकार इतनी राशि देती है, जिससे प्रदेश के किसानों की तकलीफ दूर हो जाए।
विधासभा में सरकार का असली चेहरा आया सामने- साव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कांग्रेस सरकार पर धान खरीदी को लेकर सवाल करते हुए कहा कि, विधानसभा में राज्य सरकार यह स्वीकार कर चुकी है कि, वह केंद्र की एक एजेंसी के रूप में ही धान खरीदी करती है। यह भी बोल चुकी है कि, केंद्र ने पिछले दिनों 51 हजार करोड़ रुपए की राशि दी है। यह आंकड़ा अब और भी ज्यादा बढ़ चुका है। लेकिन राज्य सरकार इसका किस तरह से इस्तेमाल कर रही है यह भी तो बता दें, साथ ही कहा कि, मोहम्मद अकबर एक और प्रेस वार्ता करें, इसके बाद केंद्र से कितनी राशि मिली है, उसके आंकड़े सार्वजनिक करें।
सीएम ने भाजपा पर कसा तंज...
बता दें, धान खरीदी को लेकर CM भूपेश बघेल ने कहा कि, भाजपा के नेता झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में धान की खरीदी राज्य सरकार करती है, FCI पंजाब और हरियाणा में धान खरीदी की जाती है। सीएम ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि, अगर उनके दावों में दम है तो FCI यहां भी धान खरीदी कर लें, धान खरीदी को लेकर BJP के नेता लगातार झूठ बोल रहे हैं।
चुनावी रणनीति को लेकर सीएम ने क्या कहा...
कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को लेकर CM भूपेश बघेल ने कहा कि, 2018 के बाद से ही हम चुनाव की तैयारियां कर रहे हैं। सभी विधानसभाओं में जाकर जनता से रूबरू हो रहे है। साथ ही सभी संभागों में कांग्रेस के सम्मेलन भी आयोजित किए जा रहे है। अब बूथ जोन और सेक्टर पर फोकस किया जाएगा। ऐसा कोई विधानसभा नहीं है, जहां हमारे कार्यकर्ता नहीं गए।