धान खरीदी पर सियासत : चौधरी बोले- धान खरीदी पर जनता को गुमराह कर रही सरकार, केंद्र के सहयोग से ही संभव है धान खरीदी
छत्तीसगढ़ में धान की खरीदी केंद्र सरकार के सहयोग से संभव हो रहा है। राज्य में किसानों को 3 चौथाई पेमेंट केंद्र सरकार करती है। 92 लाख मीट्रिक टन धान से बनने वाला चावल केंद्र के कोटे से लिया गया है। भाजपाइयों ने और क्या कहा... पढ़िए...;
स्वप्निल गौरखेड़े- रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस ली। इस दौरान प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। दरअसल, छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों और पीएम मोदी का दौरा लगातार जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि, गंगा जल को साक्षी मानकर इन्होंने एक घोषणा पत्र जारी किया था और दावा किया था कि, 10 दिन के अंदर सब कर देंगे। लेकिन आज घोषणा पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त चली जाती है। इसी पर पलटवार करते हुए सीएम बघेल ने कहा था कि, प्रदेश भाजपा के नेता लगातार किसानों को गुमराह कर रहे थे। भाजपा सिर्फ झूठ बोलती आई है, यह किसानों के नाम पर सबसे बड़ा झूठ है कि, राज्य के धान उपार्जन का 80 प्रतिशत केंद्र ले लेता है। अब इसी मुद्दे पर प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ में धान की खरीदी केंद्र सरकार के सहयोग से संभव हो रहा है। राज्य में किसानों को 3 चौथाई पेमेंट केंद्र सरकार करती है। 92 लाख मीट्रिक टन धान से बनने वाला चावल केंद्र के कोटे से लिया गया है।
कानूनी कार्यवाही पर विचार
धान खरीदी को लेकर प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि, बीजेपी ने धान खरीदी से संबंधित आंकड़े जारी कर दिए हैं। वहीं पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि, अगर धान खरीदी पर कांग्रेस सच बोल रही है तो श्वेत पत्र जारी करे। साथ ही कहा कि, हम जनता तक आपका झूठ पहुंचाकर रहेंगे, धान खरीदी पर सरकार झूठ बोल रही है, हम कानूनी कार्यवाही पर विचार कर रहे हैं।