राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय महिला आयोग के स्थापना दिवस समारोह में हुई शामिल

राष्ट्रीय महिला आयोग के स्थापना दिवस पर बुधवार को नई दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।;

Update: 2023-02-02 02:07 GMT

रायपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग के स्थापना दिवस पर बुधवार को नई दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित 15 राज्यों से महिला आयोग के अध्यक्ष पहुंचे थे। अध्यक्षों की इसी सूची में छत्तीसगढ़ को प्रथम पंक्ति में रखा गया था। इस कार्यक्रम में शामिल हुईं छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. किरणमयी नायक ने बताया कि प्रदेश में महिलाओं को मिल रही त्वरित न्याय और कानूनी जागरूकता के लिए चलाये जा रहे मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ के कारण यह गौरवशाली सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

महिलाओं के लिए अलग से आयोग बनाने की जरूरत इसलिए पड़ी

डा. किरणमयी नायक ने बताया कि समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि एक सवाल उठता है कि केवल महिलाओं के लिए अलग आयोग बनाने की जरूरत क्यों पड़ी। इसका उत्तर है हम देख रहे हैं कि हमारी बहन-बेटियां अंतरिक्ष में उड़ रही हैं, सशस्त्र बलों में नेतृत्व दे रही हैं, वहीं दूसरी ओर वे घरेलू हिंसा का शिकार हो रही हैं और कार्यस्थल पर भेदभाव और उत्पीड़न का सामना कर रही हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग का मिशन महिलाओं के खिलाफ भेदभाव और अत्याचार से उत्पन्न होने वाली विशिष्ट समस्याओं का समाधान करना और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी के लिए अलग आयोग बनाने की जरूरत बताती है कि महिलाओं को अभी तक उनका उचित सम्मान और अधिकार नहीं मिल पाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं की स्थिति में सुधार करके ही देश समग्र प्रगति करने में सक्षम होगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी से राष्ट्रीय महिला यात्रा आयोग की पुस्तक 'सशक्त नारी, सशक्त भारत' की पहली प्रति प्राप्त की।

Tags:    

Similar News