रायगढ़ : एनजीटी के निर्देशों का खुलेआम उल्लंघन, डंपिंग यार्ड की जगह मैदान में डाल रहे कचरा
रायगढ नगर निगम के द्वारा नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के नियमों को ताक पर रखकर 9 SLRM सेंटर होने के बाद भी खुले मैदान में हर दिन शहर भर से निगम कर्मचारी कचरे को बड़े रामपुर में डम्प करते हैं। वही शहर के बीच से बिना तिरपाल ढंके खुले वाहनों से कचरा ले जाया जा रहा है। पर्यावरण विभाग ने नगर निगम को नोटिस जारी की है। पढ़िए पूरी खबर-;
रायगढ़। नगर निगम द्वारा खुलेआम नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। दअरसल रायगढ नगर निगम में स्वच्छ भारत मिशन के तहत 9 कचड़ा डंपिंग यार्ड बनाया गया है, जहाँ कचड़े का रिसाइक्लिंग किया जाता है, लेकिन यह केवल कागजों पर। हकीकत यह कि रिसाइक्लिंग के नाम पर नगर निगम हर माह लाखों रुपये खर्च करती है। बावजूद, रामपुर ट्रेंचिंग ग्राउंड के खुले मैदान में हर दिन कचरे को डाला जा रहा है।
नगर निगम कर्मचारियों की इस लापरवाही पर अधिकारी केवल व्यवस्था में सुधार करने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि रायगढ़ नगर निगम में 9 SLRM सेंटर होने के बाद भी नियमों का उलंघन किया जा रहा है तो गलत बात है, उसकी जांच की जाएगी और जांच में सामने यह बात सही पाई जाती है, तो विधिवत आगे की कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में नगर निगम से भी जबाब माँगा गया है।
वही निगम के महापौर का कहना है कि रामपुर को भी कचरा डंपिंग ग्राउंड के रूप में चिन्हांकित किया गया है। बहुत जल्द वहां भी SLRM सेंटर बनाया जाएगा। अभी कचरा कलेक्शन कर डंपिंग यार्ड तक ले जाने वाले कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि रामपुर स्ट्रैचिंग ग्राउंड में कचरा डंप न किया जाए। लगातार वहां की मॉनिटरिंग हो रही है।