4 सूत्रीय मांगों को लेकर तूता में धरना-प्रदर्शन, जिला प्रशासन ने धरना प्रदर्शन को अस्थायी जेल किया घोषित

छत्तीसगढ़ अनियमित कर्मचारी मोर्चा के आव्हान पर प्रदेशभर के अनियमित कर्मचारियों ने नियमित करने, आउटसोर्सिंग बंद करने, छंटनी किए गए कर्मचारियों की बहाली सहित 4 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।;

Update: 2023-08-06 19:15 GMT

छत्तीसगढ़ अनियमित कर्मचारी मोर्चा के आव्हान पर प्रदेशभर के अनियमित कर्मचारियों ने नियमित करने, आउटसोर्सिंग बंद करने, छंटनी किए गए कर्मचारियों की बहाली सहित 4 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। नवा रायपुर के तूता स्थित धरनास्थल पर वादाखिलाफी से आक्रोशित अनियमित कर्मचारियों ने गिरफ्तारी दी। जेल भरो आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने धरनास्थल को ही अस्थायी जेल घोषित किया, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने गिरफ्तारी दी।

प्रदेश के 50 से अधिक अनियमित संगठनों के हजारों अनियमित कर्मचारियों ने नवा रायपुर के तूता स्थित धरनास्थल पहुंचकर धरना दिया। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मोर्चा के प्रांतीय संयोजक गोपाल प्रसाद साहू का कहना है, कांग्रेस पार्टी ने अपने जन घोषणापत्र में अनियमित कर्मचारी, संविदा व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया, पर आज तक नियमितीकरण का वादा पूरा नहीं हुआ। अनियमित कर्मचारियों के संघों के आवेदनों का परीक्षण करने कमेटी बनाई गई, जो अब तक रिपोर्ट नहीं सौंप सकी है। इसके कारण प्रदेशभर के अनियमित कर्मचारी, संविदा, दैनिक वेतनभोगी, कलेक्टर दर, श्रम आयुक्त दर पर कार्यरत श्रमिक, प्लेसमेंट कर्मचारी अनियमित ही हैं। स्थायीकरण की मांग करते हुए अनियमित कर्मचारियों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

प्रमुख मांगें इस तरह

सभी अनियमित, दैनिक वेतनभोगी, संविदा कर्मचारी, अधिकारियों को नियमित किया जाए।

विगत वर्षों में निकाले गए, छंटनी किए गए अनियमित कर्मचारियों की बहाली, छंटनी पर रोक लगाने की मांग।

अंशकालीन कर्मचारियों को पूर्णकालिक किया जाए।

शासकीय सेवाओं में आउटसोर्सिंग, ठेका सेवा प्रदाता सिस्टम को पूरी तरह समाप्त कर कर्मचारियों का समायोजन किया जाए तथा नियत अवधि में नियमित करने की मांग।

ये भी पढ़ें- Molestation: नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ कर दे रहे थे जान से मारने की धमकी, पुलिस ने मनचलों को भेजा जेल

Tags:    

Similar News