रायपुर स्मार्ट सिटी की 4 सालों की अनियमितता का दिल्ली में आज खुलेगा पुलिंदा, केंद्रीय मंत्री से मिलेंगे भाजपा नेता
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत, सांसद सुनील+ सोनी, सरोज पांडे और जिला अध्यक्ष जयंती पटेल के साथ भाजपा पार्षद दल 11 जनवरी की सुबह फ्लाइट से दिल्ली की उड़ान भरेगा।;
रायपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत, सांसद सुनील सोनी, सरोज पांडे और जिला अध्यक्ष जयंती पटेल के साथ भाजपा पार्षद दल 11 जनवरी की सुबह फ्लाइट से दिल्ली की उड़ान भरेगा। इस दिन शाम 4 बजे का समय उन्हें केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने मिलने के लिए दिया है। भाजपाई दिल्ली में वहां के नगरीय प्रशासन सचिव से भी मुलाकात कर उन्हें रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्याें में हो रही गड़बड़ियों से अवगत कराएंगे।
राजधानी के साइंस कालेज मैदान की एजुकेशन हब वाली जगह पर रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा चौपाटी निर्माण समेत 4 साल में किए गए कार्याें में गड़बड़ी की शिकायत बुधवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से की जाएगी। शिकायतों का पुलिंदा दिल्ली में खुलेगा। दस्तावेजों के साथ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, सांसद सुनील सोनी, वरिष्ठ भाजपा नेत्री सरोज पांडे, जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे समेत भाजपा पार्षद दिल्ली जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री को सौंपेंगे दस्तावेज
नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने बताया, एजुकेशन हब में अवैध चौपाटी की शिकायत केंद्र सरकार से करने दिल्ली जा रहे हैं। रायपुर स्मार्ट सिटी की योजनाओं में पिछले 4 में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत केंद्रीय मंत्री से बुधवार शाम की जाएगी। केंद्रीय मंत्री को स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार संबंधी दस्तावेज सौंपे जाएंगे।
धरना-प्रदर्शन में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता
चौपाटी के विरोध में पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में दिए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने का समर्थन करने मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक, नंदकुमार साय, नगर निगम के पूर्व सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुभाष तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे, प्रवक्ता मृत्युंजय दुबे, पार्षद दीपक जायसवाल, सीमा-संतोष साहू, नारद कौशल, सरिता दुबे, भोलाराम साहू, रजियंत सिंह ध्रुव, राजेश ठाकुर, गोदावरी गज्जू साहू कामिनी पुरुषोत्तम देवांगन धरने पर बैठे हुए हैं।
धरनास्थल से निकाली मशाल रैली
एजुकेशन हब की जमीन पर चौपाटी निर्माण का विरोध करने मंगलवार शाम भाजपाइयों ने पंडाल स्थल से मशाल रैली निकाली। यह रैली पंडाल स्थल से पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय चौक होते हुए आरकेसी मार्ग से वापस पंडाल तक पहुंची। मशाल रैली में बड़ी संख्या में भाजपा पार्षद, कार्यकर्ता व पार्टी के नेता शामिल हुए।
सत्य का संघर्ष
पूर्व सांसद नंदकुमार साय ने कहा कि यह सत्य का संघर्ष है, छात्रों के भविष्य का संघर्ष है, हमारे आने वाले कल के संरक्षण का संघर्ष है। इस दिशाहीन सरकार के राज में कोई ऐसा वर्ग नही बचा जो परेशान ना हो। अब माफियाओं के सरगनाओं की नजर शैक्षणिक केंद्र पर है। मेरी बातों को कान खोल के सुन ले सरकार कि छात्र शक्ति को कम आंक कर आपने बहुत बड़ी गलती कर दी, छात्र शक्ति राष्ट्र शक्ति है।
सर्ववर्ग आए सामने
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि श्री मूणत ने जिस सुउद्देश्य को लेकर इस हवन का आव्हान किया है इसमे सर्वसमाज सर्व वर्ग को अपनी आहुति देनी चाहिए। अगर नगर निगम को यहाँ निर्माण करना ही है तो इसे लाइब्रेरी का स्वरूप दिया जाए या फिर इसे रीडिंग जोन बनाया जाए। विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि लूट की अंधी रेस में दौड़ने वाली कांग्रेस पार्टी के महापौर केंद्र सरकार द्वारा जनसुविधाओं हेतु स्मार्ट सिटी के मदों से दिए जा रहे पैसों का ना सिर्फ दुरुपयोग कर रही है अपितु उसमे भ्रष्टाचार का खुला खेल जारी है।