राजिम में किसान महापंचायत : टिकैत की धमकी-जो राज्य सरकार किसानों का चेहरा नहीं बनेगी, उसकी राजधानी दिल्ली बना देंगे
रायपुर। राजिम में महापंचायत में जुटे हजारों किसानों को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने देशभर की सरकारों को खुला चैलेंज किया है। टिकैत ने कहा, जो राज्य सरकार किसान का चेहरा नहीं बनेगी, उस राज्य और राजधानी को भी दिल्ली बना दिया जाएगा। इस बड़ी धमकी के साथ ही टिकैत ने कोल्ड ड्रिंक का बहिष्कार करने की अपील की। विदेशी कंपनियों की आमदनी कम होगी तभी किसान मजदूर की आमदनी बढ़ेगी। जिन 14 करोड़ लोगों के रोजगार गए हैं, उन्हें आंदोलन करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दिल्ली का आंदोलन असफल हुआ तो फिर देश में कोई आंदोलन नहीं हो पाएगा। टिकैत ने कहा- संस्थानों को बेचा जा रहा है। पूरे देश को धर्म और जाति में बांटा जा रहा है। यह आंदोलन किसान बिरादरी का है। सरकारें अभी जो नीति चला रही हैं, उससे रोटियां तिजोरी में बंद होंगी। किसी की जेब में पैसा नहीं तो रोटी नहीं मिलेगी। बड़ी बड़ी कंपनियों के आने से यही होगा। इससे पहले मेधा पाटकर ने कहा, इनके कानूनों को वापस करवाना और इनकी सरकार को गिराना है।
भीड़ ने कइयों की बोलती बंद की: योगेंद्र यादव
किसान महासभा को संबोधित करते हुए योगेंद्र यादव बोले- कुछ लोग कहते हैं कि किसान आंदोलन सिर्फ दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में ही है। छत्तीसगढ़ में इस आंदोलन का कोई असर नहीं है। अब उनकी बोलती निश्चित रूप से राजिम में पहुंची भीड़ को देखकर बंद हो गई होगी। यह आंदोलन पूरे देश के छोटे किसानों का है, जिसे MSP के जरिए सरकार गुलाम बनाना चाहती है। कल भारत बंद का असर देखकर भी कुछ लोगों को समझ में आ गया होगा कि धीरे-धीरे देशवासी इस आंदोलन से जुड़ रहे हैं। यह आंदोलन कब खत्म होगा? इस सवाल पर योगेंद्र ने कहा कि यह सवाल PM नरेंद्र मोदी जी से पूछिए, हमारे 700 किसान शहीद हो गए हैं। हम अपनी मांगों को लेकर टूटेंगे, नहीं, हटेंगे नहीं।