CM से विधायक नाराज, नड्डा ने उत्तराखंड में स्थिति संभालने डॉ रमन सिंह को महासचिव के साथ भेजा

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के निर्देश पर रमन गए उत्तराखंड, आज लौटेंगे रायपुर;

Update: 2021-03-07 02:39 GMT

रायपुर. प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक बड़ी जिम्मेदारी दी है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को लेकर भाजपा विधायकों की जो नाराजगी सामने आई है, उसके बाद वहां की स्थिति को संभालने भाजपा ने दो पर्यवेक्षक वहां भेजे हैं। इसमें एक डॉ. रमन हैं। वहां पर सभी विधायकों से चर्चा के बाद रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष काे सौंपी जाएगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अचानक गुरुवार को डॉ. रमन सिंह को फोन आया और उनको तत्काल दिल्ली बुलाया गया। वे गुरुवार की रात को ही दिल्ली पहुंच गए थे। इसके बाद शुक्रवार को उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ दो बार बैठक हुई। डा. रमन को श्री नड्डा ने उत्तराखंड जाकर वहां की स्थिति को संभालने का बड़ा जिम्मा दिया। उनके साथ भाजपा महासचिव दुष्यंत गौतम को भी उत्तराखंड भेजा गया है।

नाराज विधायकों से चर्चा

दोनों नेता शनिवार को उत्तराखंड पहुंचे। वहां पर दोनों नेताओं ने भाजपा के सभी विधायकों से चर्चा करके उनसे मुख्यमंत्री की नाराजगी का कारण जानने का प्रयास किया है। इसी के साथ विधायकों की नाराजगी को भी दूर करने के प्रयास भी किए। विधायकों के साथ भाजपा नेताओं की जो बात हुई है, उसकी पूरी रिपोर्ट राष्ट्रीय संगठन को दी जाएगी। इस रिपोर्ट के बाद ही राष्ट्रीय संगठन कोई फैसला करेगा। डॉ. रमन रविवार को रायपुर लौटेंगे। उत्तराखंड के कई भाजपा विधायकों ने कुछ महीने पहले दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। उन्होंने यह संभावना जताई थी कि अगर मौजूदा स्थिति में चुनाव हुए तो भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कई विधायक खुलकर अफसरों की शिकायत भी कर चुके हैं कि अफसर काम नहीं कर रहे और चुनाव में वे जनता के सामने कैसे जाएंगे। उत्तराखंड में अगले साल चुनाव होने हैं।

Tags:    

Similar News