रतनपुर आज बंद : रेप पीड़िता की मां को जेल भेजने पर पुलिस के खिलाफ जनआक्रोश तेज, टीआई को निलंबित करने की मांग
रेप पीड़िता की मां को जेल भेजने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले के चलते आज बिलासपुर जिले का रतनपुर बंद है। साथ ही रतनपुर के वर्तमान थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और जेल में बंद विधवा महिला को रिहा करने की भी मांग उठ रही है। पढ़िए पूरी खबर...;
संदीप करिहार/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेप पीड़िता की मां को जेल भेजने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले के चलते आज बिलासपुर जिले का रतनपुर बंद है। साथ ही रतनपुर के वर्तमान थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और जेल में बंद विधवा महिला को रिहा करने की भी मांग उठ रही है। बता दें कि, पुलिस पर झूठे केस में फंसाकर रेप पीड़िता की मां को जेल भेजने का गंभीर आरोप है।
उल्लेखनीय है कि, शनिवार को रतनपुर थाने का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया गया था। विश्व हिन्दू परिषद समेत सामाजिक, धार्मिक संगठन के लोगों ने पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया था। आज रतनपुर में बंद की स्थिति है। सामाजिक, धार्मिक, विश्व हिन्दू परिषद समेत व्यापारी संगठन ने बंद का आह्वान किया है। रतनपुर में बिगड़ा लॉ एंड ऑर्डर भी जारी हुआ है। वहीं रतनपुर, कोटा और बिलासपुर समेत आस-पास के भी लोग बंद में शामिल हो रहे हैं। धार्मिक नगरी रतनपुर के मंदिर महंतों ने भी बंद का आह्वान किया है। देखिए वीडियो-
महामाया चौक पर चक्कजाम
वहीं इस मामले में पुलिस के कार्यप्रणाली के खिलाफ जनआक्रोश तेज हो गया है। रतनपुर के थानेदार कृष्णकांत सिंह समेत प्रकरण में संलिप्त स्टाफ को निलंबित करने की मांग को लेकर रतनपुर में लॉकडाउन किया गया है। साथ ही पीड़िता की मां को जेल से रिहा करने की आवाज बुलंद हो रही है। लोग पुलिस पर झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने का आरोप लगा रहे हैं। रैली निकालकर एलाउंसमेंट किया जा रहा है। महामाया चौक पर चक्कजाम किया गया है। इससे आवागमन बाधित हो गया है। रतनपुर के अलावा आस-पास और जिलेभर से प्रदर्शनकारी आ रहे हैं। आंदोलन को तेज करने भीड़ बढ़ते जा रही है। विश्व हिन्दू परिषद, समाजिक संगठन, धार्मिक महंतों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। है। देखिए वीडियो-
FIR खत्म नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
इस मामले में विश्व हिन्दू परिषद के बिलासपुर जिला कार्याध्यक्ष दीपक सोनी ने कहा कि, अगर FIR खत्म नहीं किया गया तो ये आंदोलन और उग्र होगा। आज रतनपुर बंद है, कल बिलासपुर बंद कराएंगे। इसके बाद भी अगर बात नहीं बनी तो छत्तीसगढ़ बंद किया जाएगा। पुलिस ने साजिश के तहत दुष्कर्म पीड़िता की मां को फंसाया हैं।हिन्दुओं पर अत्याचार नहीं सहा जाएगा।
रतनपुर छावनी में तब्दील
वहीं आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और जवानों को तैनात किया गया है। इसके कारण रतनपुर छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस हाईअलर्ट पर है। जिलेभर के थानेदार और अतिरिक्त बल की ड्यूटी लगाई गई है।
बच्चे के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने का आरोप
रेप पीड़िता की मां को जेल भेजने के मामले में एसपी ने आदेश जारी किया है। एसपी ने एडिशनल एसपी रेंक के अधिकारी को जांच का जिम्मा सौंपा है। इस पूरे प्रकरण की ग्रामीण एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा जांच करेंगे। बिगड़े हालत और ला एंड आर्डर को कंट्रोल करने फोर्स भी बढ़ाई गई है। एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल, SDOP सिद्धार्थ बघेल समेत जिलेभर के थानेदार और अतिरिक्त बल लॉ एंड आर्डर को कंट्रोल करने तैनात हैं। बता दें कि, 10 वर्षीय बालक के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने के मामले में पीड़िता की मां को जेल भेजा गया है।