पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प : साइकिल लेकर संपूर्ण छत्तीसगढ़ की यात्रा पर निकला यह युवक, प्रदेश में पर्यावरण की सुरक्षा है उद्देश्य

प्रमोद ने गृह ग्राम कमरगा से 12 अक्टूबर 2022 को यात्रा की शुरु की थी, और 47 दिन में 21 जिलों में भ्रमण कर 1927 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण करते हुए 48 वें दिन में कोंडागांव जिले के फरसगांव पहुंचा। पढ़िए पूरी खबर...;

Update: 2022-11-30 10:53 GMT

कुलजोत संधू- केशकाल। छतीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम कमरगा से एक नवयुवक पर्यावरण की सुरक्षा की अलख जगाने के लिए 'साइकल चलाओ पर्यावरण बचाओ' के नारे के साथ साइकल यात्रा पर निकला है। प्रमोद सिदार नामक वह साइकिल यात्री बुधवार को कोंडागांव जिले के फरसगांव पहुंचा। यहां पहुंचने पर युवाओं ने प्रमोद सिदार का स्वागत किया और उनके हौसले की सराहना की। युवक सम्पूर्ण छग के समस्त जिलों में जाकर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओ से चर्चा कर पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश दे रहा है। उसका उद्देश्य देश और प्रदेश में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश के 33 जिलों में साइकल से भ्रमण कर वनों की रक्षा का संदेश देना है।

साइकल से भ्रमण कर वनों की रक्षा का संदेश देना

साइकिल यात्रा पर निकला युवक प्रमोद सिदार ग्राम कमरगा तहसील लैलूंगा, जिला रायगढ़ का निवासी है। प्रमोद ने गृह ग्राम कमरगा से 12 अक्टूबर 2022 को यात्रा की शुरु की थी, और 47 दिन में 21 जिलों में भ्रमण कर 1927 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण करते हुए 48 वें दिन में कोंडागांव जिले के फरसगांव पहुंचा। साथ ही अलग - अलग 28 स्थानों में स्थानीय जनों के साथ नगर और ग्रामों में पौधारोपण भी किया है। वह प्रतिदिन 40 से 50 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय करता है। सफर के दौरान जिस स्थान पर वह विश्राम करता है उसकी सूचना स्थानीय थाने में अवश्य देता है। स्थानीय लोगों से चर्चा कर पर्यावरण को बचाने का प्रयास करने का संदेश दे रहा है। 12 जिले में पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देकर जल्द ही यात्रा पूर्ण कर घर वापस लौटेगा। देखें वीडियो


Tags:    

Similar News