सड़क हादसा : NH-63 में STF जवानों की एंबुलेंस पलटी, 4 जवान घायल
जवान एम्बुलेंस से राशन छोड़ने के लिए बीजापुर से बासागुड़ा कैंप जा रहे थे। इस बीच कोड़ेपाल में एम्बुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसके बाद घायल जवानों ने खुद फोन से इस घटना की जानकारी साथी जवानों को दी। पढ़िये पूरी खबर-;
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक बड़ा हादसा हो गया है। शुक्रवार की सुबह एम्बुलेंस पलटने से STF के करीब 4 जवान घायल हो गए हैं, जिनमें से एक जवान को गंभीर चोटें आई हैं। बाकी अन्य लोगों की स्थिति ठीक बताई जा रही है। हादसा बीजापुर-भोपालपटनम नेशनल हाईवे 63 में हुआ है। इस हादसे के बाद सभी घायल जवानों को बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायल जवानों के नाम का पता नहीं चल सका है।
बीजापुर से बासागुड़ा कैंप जा रहे थे जवान
मिली जानकारी के मुताबिक, STF के जवान एम्बुलेंस से राशन छोड़ने के लिए बीजापुर से बासागुड़ा कैंप जा रहे थे। इस बीच कोड़ेपाल में एम्बुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसके बाद घायल जवानों ने खुद फोन से इस घटना की जानकारी साथी जवानों को दी। मौके पर पहुंचे साथियों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल लाया गया है। जहां सभी का इलाज जारी है। जिस इलाके से जवान गुजर रहे थे वो पूरी तरह से नक्सलियों का गढ़ है। इस मार्ग में IED ब्लास्ट का खतरा बना रहता है। इसलिए अंदरूनी इलाकों में स्थित सुराक्षबलों के कैंप में राशन छोड़ने के लिए जवान पुलिस की गाड़ी की बजाए एम्बुलेंस में जाते हैं। क्योंकि एम्बूलेंस को नक्सली अपना टारगेट नहीं बनाते हैं।